नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत-बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच एकतरफा नजर आ रहा है, हालांकि क्रिकेट में कुछ भी निश्चित नहीं होता। पहली पारी मे टॉप आर्डर के पूरी तरह फेल हो जाने के बावजूद भी अश्विन और जडेजा ने पारी को संभाला। अश्विन के शतक की बदौलत भारत पहली पारी मे 376 रन बनाने मे कामयाब रहा। बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम भारत के सामने घुटने टेकती नजर आई और 149 पर ऑल आउट हो गई। दूसरी पारी में भारत को पंत और गिल के शतकों की बदौलत अबतक 514 रनों की लीड मिल गई है। पंत 109 के निजी स्कोर पर आउट हो गए लेकिन धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी कर गए। भारत ने बांग्लादेश को 515 रनों का टारगेट दिया है।
पंत ने की MS Dhoni के रिकॉर्ड की बराबरी
बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाकर ऋषभ पंत ने एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पंत ने विकेटकीपर के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक बनाने के धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। पंत और धोनी के नाम टेस्ट विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर 6-6 शतक हो चुके हैं। धोनी के 90 टेस्ट मैचों में 6 शतक हैं जबकि पंत ने 34 मैचों मे ही ये किर्तिमान हासिल कर लिया।
शुभमन गिल ने भी शतक जड़कर दिखाए अपनी बल्लेबाजी के जौहर
पहली पारी में फ्लॉप रहने के बाद शुभमन गिल दूसरी पारी में मेहमानों पर जमकर बरसे हैं। गिल ने 176 गेंदो में 4 छक्कों और 10 चौकों की मदद से ताबड़तोड 119 रन जड़े हैं। गिल ने इस शतक को पूरा करने में 161 गेंद ली। बता दें कि शुभमन से पहले पंत भी शतक जमा चुके थे। गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी की। इन दो शतकों की बदौलत भारत बांग्लादेश को 515 रनों का टारगेट दे पाया।




