नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती आईसीसी की ताजा टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज बन गए हैं। आज बुधवार को जारी हुई रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती ने शीर्ष स्थान हासिल कर भारत के लिए बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। एशिया कप 2025 में दमदार प्रदर्शन करने वाले कुलदीप यादव ने भी रैंकिंग में बड़ा उछाल दर्ज किया है। वह 37वें स्थान से सीधे 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जो कि उनके टी20 करियर की एक बड़ी छलांग मानी जा रही है। वहीं बल्लेबाजों की रैंकिंग की बात करें तो अभिषेक शर्मा टी20 में नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं। हालांकि, तिलक वर्मा को दो स्थान का नुकसान हुआ है और वह रैंकिंग में नीचे खिसक गए हैं।
वरुण चक्रवर्ती बने T20 में दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज
वरुण चक्रवर्ती ने ICC टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में बड़ा मुकाम हासिल करते हुए पहली बार दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज़ बनने का गौरव प्राप्त किया है। उन्होंने ताजा रैंकिंग में 3 पायदान की छलांग लगाई है और अब 733 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गए हैं। यूएई के खिलाफ हाल ही में खेले गए मुकाबले में वरुण चक्रवर्ती ने 2 ओवर में सिर्फ 4 रन देकर 1 विकेट लिया था। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट झटका। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर वरुण चक्रवर्ती ने आईसीसी रैंकिंग में न्यूजीलैंड के जैकब डफी को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 स्थान हासिल किया। डफी अब दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं।
भारतीय स्पिनरों की बात करें तो टॉप 10 में वरुण चक्रवर्ती के अलावा रवि बिश्नोई भी शामिल हैं। हालांकि, बिश्नोई को ताजा रैंकिंग में 2 पायदान का नुकसान हुआ है और वह अब 8वें स्थान पर आ गए हैं। गौरतलब है कि रवि बिश्नोई इस बार एशिया कप 2025 की भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं।
कुलदीप यादव ने लगाई 16 पायदान की छलांग
भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने भी आईसीसी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में जबरदस्त उछाल दर्ज किया है। उन्होंने 16 स्थान की छलांग लगाते हुए अब 604 रेटिंग अंकों के साथ 23वें स्थान पर जगह बना ली है। कुलदीप का यह प्रदर्शन एशिया कप 2025 के उनके शानदार गेंदबाजी स्पेल का नतीजा है। यूएई के खिलाफ पहले मुकाबले में उन्होंने 2.1 ओवरों में केवल 7 रन देकर 4 विकेट झटके थे। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में कुलदीप ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए। दोनों ही मुकाबलों में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जो उनके प्रभावशाली फॉर्म का साफ संकेत है।





