नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता भारतीय टीम पर इनामों की बरसात जारी है। आईसीसी की पुरस्कार राशि के साथ बीसीसीआई ने 51 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। वहीं, विभिन्न राज्य सरकारें भी अपनी-अपनी खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए विशेष पुरस्कारों का ऐलान कर रही हैं।
हिमाचल सरकार का बड़ा ऐलान
हिमाचल सरकार ने महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को एक करोड़ रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। शिमला जिले के ठियोग की रहने वाली रेणुका को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सम्मानित करते हुए यह पुरस्कार देने की जानकारी दी।
सीएम सुक्खू ने फोन पर की बात
फाइनल जीत के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रेणुका ठाकुर से फोन पर बात कर उन्हें विश्व कप में शानदार प्रदर्शन और चैंपियन बनने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि बेटियों ने देश का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रेणुका ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि उनकी शानदार गेंदबाजी और दबावपूर्ण प्रदर्शन ने हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया। उन्होंने एक करोड़ रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की और हर हिमाचली को उन पर गर्व महसूस होने की बात कही।
विश्व कप में रेणुका का शानदार प्रदर्शन
रेणुका ठाकुर ने इस विश्व कप में छह मुकाबलों में तीन विकेट लिए हैं। हालांकि संख्या कम लगती है, लेकिन वह भारतीय टीम की गेंदबाजी की रीढ़ हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दो विकेट लेकर उन्होंने टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। उनकी ताकत सटीक लाइन-लेन्थ और स्विंग गेंदबाजी है।
फाइनल में रेणुका ठाकुर ने विकेट नहीं लिया, लेकिन 8 ओवर में केवल 28 रन देकर 3.5 की शानदार इकॉनमी से दक्षिण अफ्रीका पर दबाव बनाया। पूरे टूर्नामेंट में उनकी किफायती गेंदबाजी ही भारतीय टीम के लिए अहम रही। सेमीफाइनल और लीग मैचों में भी उन्होंने कम रन देकर विपक्षी बल्लेबाजों को नियंत्रण में रखा।
रेणुका ठाकुर 2021 में टीम इंडिया में शामिल हुई थीं। दाएं हाथ की मीडियम फास्ट गेंदबाज के रूप में उन्होंने अब तक 27 वनडे में 41 विकेट और 54 टी20 में 58 विकेट लिए हैं। उनके सभी फॉर्मेट में किफायती प्रदर्शन ने उन्हें दुनिया की सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में शामिल किया है।
पीएम मोदी भी कर चुके हैं तारीफ
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में रेणुका ठाकुर का प्रदर्शन शानदार रहा। रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रही रेणुका ने 5 मैचों में 11 विकेट लिए और फाइनल में ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाया। उनके खेल के कायल प्रधानमंत्री मोदी भी हो गए थे, जिन्होंने उनकी आक्रामक गेंदबाजी और शांत चेहरों की तारीफ की।





