नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 अपने आखिरी दौर में है। इस साल का 18वां सीजन 22 मार्च को कोलकाता में शुरू हुआ था। सीजन की शुरुआत से पहले कई फ्रेंचाइजी ने अपनी टीमों में कोचिंग स्टाफ के साथ-साथ अनुभवी पूर्व खिलाड़ियों को मेंटर के तौर पर शामिल किया। टीम मेंटर टीम के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे खिलाड़ियों को रणनीति, मानसिक मजबूती और तकनीकी सलाह देते हैं, जिससे टीम की जीत की संभावनाएं बढ़ती हैं। इन मेंटर्स को उनके अनुभव और टीम में योगदान के आधार पर मोटी सैलरी भी मिलती है। आइये जानते हैं कि राहुल द्रविड़, ड्वेन ब्रावो जैसे दिग्गजों की कितनी फीस मिलती है।
आईपीएल 2025 से पहले, गत विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स ने ड्वेन ब्रावो को टीम मेंटर के तौर पर गौतम गंभीर की जगह नियुक्त किया है। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी टीम के मेंटर के रूप में पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को चुना है। इस आईपीएल सीजन में सभी टीमों के मेंटरों को कितनी सैलरी मिली है, इसकी पूरी जानकारी हम इस रिपोर्ट में आपके सामने रखेंगे।
1. राहुल द्रविड़ – राजस्थान रॉयल्स
भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ आईपीएल 2025 में मेंटर के रूप में सबसे अधिक वेतन पाने वालों में शामिल हैं। इस सीजन में वह राजस्थान रॉयल्स (RR) के मुख्य कोच और मेंटर की भूमिका निभा रहे हैं और उनकी सैलरी 5 करोड़ रुपये है। मौजूदा सत्र में द्रविड़ की टीम के प्रति प्रतिबद्धता साफ झलकी, जब उन्होंने पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद टीम का साथ नहीं छोड़ा। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा और टीम प्लेऑफ तक पहुंचने में असफल रही।
2. जहीर खान – लखनऊ सुपर जायंट्स
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मेंटर जहीर खान इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि उनकी सैलरी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें एलएसजी में मेंटर की भूमिका के लिए करीब 3 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा रहा है। आईपीएल 2025 में लखनऊ से जुड़ने से पहले जहीर मुंबई इंडियंस के साथ ग्लोबल डेवलपमेंट हेड और क्रिकेट निदेशक की जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
3. केविन पीटरसन – दिल्ली कैपिटल्स
आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर के रूप में कार्य कर रहे केविन पीटरसन की सटीक सैलरी की जानकारी आधिकारिक रूप से सामने नहीं आई है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स का कहना है कि उन्हें इस भूमिका के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस सीजन की शुरुआत में दिल्ली की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से में उनका खेल गिर गया और लगातार मैच हारने के कारण वे प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गए।
4. ड्वेन ब्रावो – कोलकाता नाइट राइडर्स
आईपीएल 2024 की विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने इस सीजन की शुरुआत से पहले गौतम गंभीर की जगह ड्वेन ब्रावो को टीम मेंटर के रूप में नियुक्त किया। वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ब्रावो की सैलरी की पुष्टि आधिकारिक तौर पर नहीं हुई है, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें मेंटर की भूमिका के लिए करीब 2 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा रहा है। हालांकि, आईपीएल 2025 में केकेआर की टीम प्लेऑफ में पहुंचने में सफल नहीं रही।
5. दिनेश कार्तिक – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिनेश कार्तिक को अपनी टीम का बल्लेबाजी कोच और मेंटर नियुक्त किया है। हालांकि, उनकी सैलरी को लेकर फ्रेंचाइजी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि 2022 में आरसीबी ने उन्हें खिलाड़ी के रूप में 5.5 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया था, जबकि मेंटर की भूमिका के लिए उनका अनुबंध इससे अलग बताया जा रहा है। इस सीजन में आरसीबी का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है और टीम प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी है।




