नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। लॉस एंजिल्स ओलंपिक गेम्स 2028 में क्रिकेट टूर्नामेंट की मुख्य तारीखों की घोषणा कर दी है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इंटरनेशनल ओलंपिक कमिटी (IOC) से हरी झंडी मिलने के बाद आधिकारिक तौर पर लॉस एंजिल्स ओलंपिक गेम्स 2028 की तारीखों का ऐलान किया है।
ओलंपिक में क्रिकेट टूर्नामेंट लॉस एंजिल्स शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर आयोजित होना तय हुआ है। दो अलग-अलग दिनों पर मेडल मैच आयोजित किए जाएंगे। 12 जुलाई से क्रिकेट मैचों की शुरुआत ओलंपिक में होगी, जबकि टूर्नामेंट की शुरुआत आधिकारिक तौर पर 14 जुलाई को होगी। 128 साल के बाद फिर से क्रिकेट को ओलंपिक खेलों में जगह मिली है।
ओलंपिक गेम्स 2028 में क्या होगा क्रिकेट का वेन्यू?
इसी साल अप्रैल में यह बात सामने आई थी, कि LA28 यानी लॉस एंजिल्स ओलंपिक गेम्स 2028 के लिए क्रिकेट का वेन्यू क्या होगा? अब इस बात को आईसीसी ने कन्फर्म किया है कि 12 जुलाई से 29 जुलाई तक मेंस और वुमेंस कैटेगरी में क्रिकेट के मैच आयोजित होंगे।
इससे पहले 1900 में क्रिकेट का आयोजन हुआ था
20 जुलाई को वुमेंस कैटेगरी के मेडल मैच आयोजित किए जाएंगे, जबकि 29 जुलाई को मेंस कैटेगरी के मेडल मैचों का आयोजन होना तय है। आखिरी बार पेरिस 1900 ओलंपिक खेलों में क्रिकेट आयोजन हुआ था, जिसमें सिर्फ एक मैच खेला गया था। ग्रेट ब्रिटेन ने गोल्ड और फ्रांस ने सिल्वर मेडल जीता था।
ओलंपिक गेम्स के लिए क्वालीफिकेशन प्रक्रिया क्या होगा?
मेंस और वुमेंस कैटेगरी की 6-6 टीमें पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। दोनों कैटेगरी में 90-90 एथलीटों का कोटा निर्धारित किया जा चुका है। इस आयोजन में भाग लेने वाले हर देश 15 सदस्यीय टीमों का ऐलान कर सकता है। LA28 ओलंपिक गेम्स के लिए क्वालीफिकेशन प्रक्रिया क्या होगा? इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन 17 जुलाई से सिंगापुर में शुरू होने वाले आईसीसी की एनुअल कॉन्फ्रेंस के दौरान इस पर चर्चा होने की संभावना है।
इस टूर्नामेंट में दिन में 2-2 मैच होंगे
क्रिकेट टूर्नामेंट के सभी मैच पोमोना फेयरप्लेक्स (Pomona Fairplex) में आयोजित किए जाएंगे। टी20 फॉर्मेट में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में दिन में 2-2 मैच होंगे, जिनका आयोजन स्थानीय समयानुसार सुबह 9:00 बजे और शाम 6:30 बजे शुरू होगा। ओलंपिक में क्रिकेट का कमबैक इस खेल के वैश्विक विस्तार में एक और बड़े कदम का संकेत है।





