नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दिल्ली के लाल किले पर सोमवार धमाके के बाद कोलकाता में भारत-साउथ अफ्रीका टेस्ट मैच से पहले सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। अधिकारियों ने स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बता दें कि, कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 14 नवंबर से भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा।
कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने हाई अलर्ट की पुष्टि करते हुए कहा कि इस समय सुरक्षा के लिए विशेष और अतिरिक्त उपाय किए जा रहे हैं।
हाई अलर्ट पर कोलकाता पुलिस
कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “हम हाई अलर्ट पर हैं। दिल्ली धमाके को ध्यान में रखते हुए विशेष और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पुलिस के साथ विशेष कार्य बल (STF) भी तैनात किया जाएगा।”
CAB और पुलिस आयुक्त के बीच बैठक
कोलकाता पुलिस ने ईडन गार्डन्स और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों की समीक्षा शुरू कर दी है। सीरीज के पहले मैच की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के अधिकारी और पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा मंगलवार को बैठक करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता पुलिस ने पूरे शहर, खासकर क्रिकेट स्टेडियम और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने दर्शकों की आवाजाही पर भी कड़ी निगरानी का निर्देश दिया है।
प्रत्येक व्यक्ति की मेटल स्कैनर से दो बार जांच
पश्चिम बंगाल विधानसभा, राजभवन, कलकत्ता उच्च न्यायालय और आकाशवाणी के पास स्थित ईडन गार्डन्स उच्च सुरक्षा क्षेत्र में आता है। मैच देखने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की मेटल स्कैनर से कम से कम दो बार जांच की जाएगी। स्टेडियम में और बाहर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, और संदिग्ध वस्तुओं या बैग के साथ प्रवेश सख्त वर्जित होगा।
होटल और शहर की सुरक्षा बढ़ाई गई
इसके अलावा, भारतीय और साउथ अफ्रीकी टीमों के ठहरने वाले शहर के होटलों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार सुरक्षा के मद्देनजर भारत के हेड कोच गौतम गंभीर का मंगलवार को कालीघाट मंदिर जाने का कार्यक्रम स्थगित किया जा सकता है।
आपको याद होगा कि, सोमवार शाम लगभग 6:52 बजे देश की राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल भी हुए हैं। मामले की जांच एनआईए कर रही है।





