नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दुनिया के मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी पार्टनर जॉर्जिना रोड्रिग्ज अब शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों ने 8 साल की रिलेशनशिप के बाद सगाई कर ली है। जॉर्जिना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर कर इस खुशखबरी को पब्लिक किया। फोटो में रोनाल्डो और जॉर्जिना का हाथ नजर आ रहा है, जिसमें जॉर्जिना की उंगली में चमचमाती सगाई की अंगूठी दिख रही है।
रिंग की कीमत चौंकाने वाली
रिंग की कीमत आधिकारिक रूप से सामने नहीं आई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक यह करीब 20 लाख से 50 लाख डॉलर (लगभग 16.5 करोड़ से 41 करोड़ रुपये) की हो सकती है। इसमें ओवल-कट का सेंटर स्टोन और दोनों ओर साइड स्टोन्स लगे हैं। सेंटर स्टोन D कलर और फ्लॉलेस क्लैरिटी वाला बताया जा रहा है, जिसका वजन 30 कैरेट से ज्यादा हो सकता है।
प्यार की कहानी कैसे शुरू हुई?
दोनों की पहली मुलाकात 2016 में मैड्रिड के एक गुच्ची स्टोर में हुई थी, जहां जॉर्जिना सेल्स असिस्टेंट के रूप में काम कर रही थीं। यह मुलाकात जल्द ही प्यार में बदल गई। 2017 की शुरुआत में रोनाल्डो और जॉर्जिना ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया और पहली बार ज्यूरिख में हुए फीफा फुटबॉल अवॉर्ड्स में साथ नजर आए।
पांच बच्चों के माता-पिता
रोनाल्डो और जॉर्जिना के पांच बच्चे हैं क्रिस्टियानो जूनियर, ट्विन्स ईवा और माटेओ, अलाना और बेला। 2022 में दोनों ने अपने नवजात जुड़वां में से एक बेटे को खो दिया था, जबकि बेटी बेला सुरक्षित और स्वस्थ है।
रोनाल्डो की कमाई और करियर
क्रिस्टियानो रोनाल्डो की 2025 में नेटवर्थ करीब 1.45 बिलियन डॉलर है। वह सालाना लगभग 200 मिलियन डॉलर सैलरी और 150 मिलियन डॉलर विज्ञापनों से कमाते हैं। वर्तमान में वे सऊदी अरब के अल-नास्र क्लब के लिए खेल रहे हैं। मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड और जुवेंटस जैसे बड़े क्लबों के लिए भी खेल चुके हैं। हालांकि शादी की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन फैंस इस जोड़ी को वेडिंग ड्रेस में देखने के लिए बेताब हैं। जॉर्जिना के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई है।





