नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन बांग्लादेशी क्रिकेट टीम को लेकर तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है, मगर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मुकाबले भारत में खेलने से इनकार कर दिया था। बीसीबी ने इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को पत्र लिखकर मांग की थी कि बांग्लादेश के मैचों को श्रीलंका में स्थानांतरित किया जाए। इस फैसले के बाद से ही टूर्नामेंट के शेड्यूल पर संशय बना हुआ है।
श्रीलंका नहीं, भारत में ही दूसरा विकल्प तलाश रहा है आईसीसी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बांग्लादेश के मुकाबलों को श्रीलंका शिफ्ट किए जाने की संभावना बेहद कम है। आईसीसी और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) मिलकर भारत के भीतर ही वैकल्पिक वेन्यू तलाशने में जुटे हुए हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, इस सिलसिले में तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) और केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) से बातचीत की गई है। चर्चा इस बात पर हो रही है कि बांग्लादेश के मैच चेन्नई और तिरुवनंतपुरम में कराए जा सकते हैं, जहां सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन से जुड़ी सुविधाएं बेहतर मानी जाती हैं।
चेन्नई और तिरुवनंतपुरम बने मजबूत दावेदार
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि TNCA और KCA दोनों ने मैचों की मेजबानी को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में पहले से ही वर्ल्ड कप के 7 मुकाबले प्रस्तावित हैं, जिनमें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संभावित सुपर-8 मैच भी शामिल है। TNCA अधिकारियों का कहना है कि उनके पास कुल आठ पिचें उपलब्ध हैं, जिससे अतिरिक्त मैचों के आयोजन में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। वहीं, तिरुवनंतपुरम भी अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी का अनुभव रखता है, जिससे यह एक सुरक्षित विकल्प के तौर पर उभरा है।
ग्रुप सी में है बांग्लादेश, शेड्यूल में हो सकता है बदलाव
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश को ग्रुप सी में रखा गया है। मौजूदा शेड्यूल के अनुसार, बांग्लादेश का पहला मुकाबला 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ होना है। इसके बाद 9 और 14 फरवरी को इसी मैदान पर इटली और इंग्लैंड से मैच खेले जाने हैं। वहीं, 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ उनका आखिरी ग्रुप मैच प्रस्तावित है। हालांकि, सुरक्षा चिंताओं के चलते अब इन मुकाबलों के वेन्यू में बदलाव की पूरी संभावना है।
जल्द आएगा अंतिम फैसला
आईसीसी और बीसीसीआई लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और संबंधित राज्य संघों से बातचीत जारी है। माना जा रहा है कि बांग्लादेश के मैचों को लेकर अंतिम फैसला अगले कुछ दिनों में सामने आ जाएगा। ऐसे में क्रिकेट फैंस की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश अपने मुकाबले आखिर किन शहरों में खेलता नजर आएगा।





