नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने खुलासा किया है कि उन्होंने दुबई में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी से मुलाकात की। देवजीत सैकिया ने बताया कि यह मुलाकात ICC मीटिंग के बाहर हुई थी, जहां दोनों अधिकारियों ने एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर खुलकर चर्चा की।
रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक के दौरान दोनों ने इस मुद्दे को जल्द से जल्द सुलझाने की इच्छा जताई। बताया जा रहा है कि इस बातचीत में संजोग गुप्ता और इमरान ख्वाजा ने बीसीसीआई और पीसीबी प्रतिनिधियों के बीच मध्यस्थता की भूमिका निभाई। यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट संबंधों को लेकर हाल के महीनों में कई बार मतभेद सामने आए हैं। हालांकि, इस वार्ता से दोनों बोर्डों के बीच सकारात्मक संकेत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्या बोले BCCI सचिव देवजीत सैकिया ?
सूत्रों के मुताबिक, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि उन्होंने PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी से मुलाकात की। सैकिया ने कहा, “चूंकि एशिया कप ट्रॉफी विवाद इस समय की ऑफिशियल मीटिंग का हिस्सा नहीं था, इसलिए ICC ने हमारे लिए मोहसिन नकवी से अलग बैठक का आयोजन किया। हम ICC का आभार व्यक्त करते हैं कि उसने इस मसले को सुलझाने में मदद की। बैठक सौहार्दपूर्ण रही और दोनों पक्ष जल्द इस विवाद का समाधान चाहते हैं।”
सैकिया ने आगे कहा कि इस मुद्दे को लेकर पिछले दिनों कई बैठकें हुई हैं और इसमें कई अहम विषयों पर चर्चा हुई। बता दें कि इस दौरान BCCI का प्रतिनिधित्व बोर्ड मीटिंग में देवजीत सैकिया ने किया, जबकि सीईसी मीटिंग में अरुण सिंह धूमल BCCI के प्रतिनिधि रहे।
एशिया कप ट्रॉफी विवाद
28 सितंबर को हुए एशिया कप फाइनल में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया, लेकिन एक महीने बाद भी टीम को यह ट्रॉफी हाथ नहीं लगी है। पहले खबरें आई थीं कि PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ICC की बैठक में शामिल नहीं होंगे, लेकिन नकवी ने बैठक में हिस्सा लिया और इस दौरान BCCI प्रतिनिधियों से एशिया कप ट्रॉफी को लेकर चर्चा भी की।





