नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । एशिया कप 2025 का आयोजन इस बार यूएई में 9 सितंबर से शुरू हो रहा है, जो इस टूर्नामेंट का 17वां संस्करण होगा। एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी, लेकिन टी20 फॉर्मेट में इसे पहली बार 2016 में खेला गया था। अब तक यह तीसरी बार है जब एशिया कप टी20 फॉर्मेट में हो रहा है। इस फॉर्मेट में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली हैं, जिनकी इस बार टीम में मौजूदगी नहीं होगी। इसके अलावा, रोहित शर्मा और पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान भी टॉप रन स्कोरर की सूची में शामिल हैं, लेकिन इस बार पाकिस्तान ने रिजवान को अपने स्क्वाड में शामिल नहीं किया है।
टी20 एशिया कप में अब तक कुल 24 मैच खेले गए हैं। 2016 में 11 और 2022 में 13 मैच हुए। इन दोनों टूर्नामेंट्स को मिलाकर देखें तो विराट कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं, लेकिन दोनों ने अब टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है। इस बार उनकी गैरमौजूदगी में टूर्नामेंट में नए सितारों की चमक देखने को मिलेगी।
एशिया कप टी20 के टॉप 5 रन बनाने वाले बल्लेबाज
एशिया कप टी20 में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट में ये दिग्गज शामिल हैं। आइए जानते हैं उनके प्रदर्शन की खास बातें :-
विराट कोहली (429 रन)
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है। टेस्ट क्रिकेट से भी उन्होंने रिटायरमेंट ले ली है और अब केवल ओडीआई में खेलते हैं। कोहली ने एशिया कप के दोनों टी20 सीज़न में कुल 10 मैच खेले, जिसमें 9 पारियों में 429 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 122 रन है, जो उनका टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का एकमात्र शतक भी है।
मोहम्मद रिजवान (281 रन)
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 6 मैचों में 281 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि, इस बार रिजवान को पाकिस्तान की एशिया कप स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया है।
रोहित शर्मा (271 रन)
टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीत के बाद रोहित शर्मा ने भी इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है और अब केवल ओडीआई मैच खेलते हैं। उन्होंने एशिया कप में 9 मैच खेले, जिसमें 141.14 की स्ट्राइक रेट से 271 रन बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं।
बाबर हयात (235 रन)
एशिया कप 2025 में हांगकांग के उपकप्तान बाबर हयात इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। वह रोहित शर्मा से केवल 37 रन कम हैं और मोहम्मद रिजवान से 46 रन पीछे हैं। हालांकि, विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ना उनके लिए अभी भी एक बड़ी चुनौती है क्योंकि वे उनसे 194 रन पीछे हैं। बाबर ने अब तक 5 पारियों में 235 रन हासिल किए हैं।
इब्राहिम जादरान (196 रन)
अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान एशिया कप टी20 के टॉप रन स्कोरर्स में पांचवें नंबर पर हैं। उन्होंने 5 पारियों में कुल 196 रन बनाए हैं और वे एशिया कप 2025 के अफगानिस्तान स्क्वाड का भी हिस्सा हैं।
वॉट्सऐप पर भी जुड़ें हमारे साथ, जॉइन करें Raftaar News |





