नई दिल्ली, रफ्तार। टीम इंडिया और अफगानिस्तान के बीच मोहाली में खेले गए टी-20 मैच में कप्तान रोहित शर्मा सुर्खियों में रहे। रोहित अपने खेल नहीं, बल्कि व्यवहार को लेकर चर्चा बने। पहले टॉस होने के साथ अपनी प्लेइंग 11 भूल गए। फिर रन आउट होने पर बल्लेबाज शुभमन गिल पर भड़क उठे। शुभमन के साथ रन लेने को लेकर असमसंज की वजह से रोहित को अपना विकेट गंवाना पड़ा था। इसके बाद रोहित पिच पर ही शुभमन गिल पर भड़क गए। उन्होंने मैच बाद अपने गुस्से को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब भी दिया। रोहित ने कहा-ईमानदारी से कहूं, ये सब चीजें खेल के दौरान होती हैं। जब आप इस तरह से आउट होते हैं तो आप फ्रस्टेट हो जाते हैं, क्योंकि आप टीम के लिए रन बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान पर जाते हैं।
इस मैच से कई सकारात्मक चीजें निकलीं
रोहित ने कहा कि मैं चाहता था कि शुभमन खेलते रहें। उन्होंने अच्छी पारी खेली, लेकिन विकेट गंवा दिए। इस मैच से हमारे लिए बहुत कुछ सकारात्मक निकला। शिवम दुबे ने जैसी बैटिंग की। जितेश ने खेला। तिलक और रिंकू ने भी अच्छी बल्लेबाजी की।
टीम इंडिया 1-0 से आगे
टीम इंडिया ने 6 विकेट से मुकाबला जीता। सबसे पहले गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को 20 ओवर में 158 रन पर रोका। बाद में शिवम दुबे के नाबाद 60 रन की बदौलत लक्ष्य को हासिल कर लिया। शुभमन (23), तिलक वर्मा (26), जितेश (31), रिंकू सिंह (16 नाबाद) ने छोटी-छोटी, लेकिन अच्छी पारियां खेलीं।
रोहित ने अगले मैच के लिए क्या बोले?
रोहित ने कहा कि अगले टी-20 में हम कुछ और चीजें कोशिश करना चाहेंगे। मैं चाहूंगा कि हमारे गेंदबाज कुछ और चीजें कोशिश करें। जैसा कि वाशिंगटन ने आज के मैच में 19वां ओवर फेंका था। वैसे ही हम कुछ अलग चीजें करना चाहेंगे।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





