approval-of-rs-40-lakh-for-khelo-india-center-in-four-districts-of-madhya-pradesh
approval-of-rs-40-lakh-for-khelo-india-center-in-four-districts-of-madhya-pradesh

मप्र के चार जिलों में खेलो इंडिया सेंटर के लिए 40 लाख रुपये की मंजूरी

भोपाल, 26 मई(हि.स.)। युवा मामलों और खेल मंत्रालय द्वारा मध्य प्रदेश को चार जिलों में खेलो इण्डिया सेंटर बनाने के लिए 40 लाख रुपये की मंजूरी प्रदान की गई है। दतिया में रोईंग, मुरैना में एथलेटिक्स, सागर में हॉकी एवं देवास में बैडमिंटन के सेंटर स्थापित किए जाएंगे। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने इस संबंध में केन्द्र सरकार के स्तर पर पहल की थी। सिंधिया प्रदेश में नये खेलो इंडिया सेंटर की मंजूरी के लिये केन्द्रीय खेल मंत्री और केन्द्र सरकार को साधुवाद दिया है। पूर्व में प्रदेश के छह जिलों में खेलो इंडिया सेंटर की स्वीकृति केंद्र सरकार द्वारा दी जा चुकी है। इनमें सिवनी, मंदसौर, बैतूल, दमोह होशंगाबाद और शिवपुरी में एक-एक हॉकी का खेलो इंडिया सेंटर शामिल है। उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। योजना में जमीनी स्तर पर खेल अधोसंरचना की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों में 1000 खेलो इंडिया स्मॉल सेन्टर स्थापित किया जाना है। इस योजना को विकसित करने का निर्णय जून, 2020 में लिया गया था। देश में खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर की संख्या 360 हो गई है। भारत सरकार द्वारा प्रत्येक खेलो इंडिया सेंटर के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जायेगी। इसमें प्रशिक्षकों का मानदेय, उपकरण खरीदी, खेल किट और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन शामिल होगा। जमीनी स्तर पर खेल अधोसंरचना की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खेलो इण्डिया सेंटर प्रारंभ किए जा रहे हैं। इस संबंध में रियो ओलंपियन अंकित शर्मा ने कहा कि खेलो इंडिया योजना से निश्चित ही प्रदेश के अधिकतम खिलाड़ी लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि मैं चंबल संभाग से हूं जहां पूर्व में कम खेल सुविधाएं थीं परंतु प्रदेश की खेल मंत्री के प्रयासों से खेलों के विकास में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए, जिससे संभाग में खेलों को बढ़ावा मिला। प्रदेश में स्थापित खेल अकादमियों के माध्यम से अनेक एथलीट उच्च स्तर पर अपना और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in