नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पाकिस्तान के हमले में अफगानिस्तान के तीन युवा क्रिकेटरों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दिल दहला देने वाली घटना पक्तिका प्रांत के उरगुन जिले में हुई, जहां अफगान क्रिकेटर कबीर, सिबगातुल्ला और हारून समेत कुल आठ लोगों की जान चली गई। इस हमले ने पूरे खेल जगत को सदमे में डाल दिया है।
पाकिस्तानी हमले में तीन अफगान क्रिकेटरों की मौत के साथ सात अन्य लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) हरकत में आ गया है और मामले को गंभीरता से लेते हुए जरूरी कदम उठाने की तैयारी कर रहा है। देशभर में शोक की लहर है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पक्तिका प्रांत में पाकिस्तानी सैन्य कार्रवाई में अपने घरेलू क्रिकेटरों की शहादत के बाद पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली त्रिकोणीय सीरीज में भाग न लेने का फैसला किया है। यह कदम खिलाड़ियों की सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
क्रिकेट के लिए बड़ी क्षति – ACB
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे देश के खेल जगत, विशेषकर क्रिकेट के लिए बड़ी क्षति बताया है। नवंबर में अफगानिस्तान, श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाली त्रिकोणीय टी20 सीरीज अब अफगानिस्तान की तरफ से हिस्सा न लेने के कारण प्रभावित होगी।
पाकिस्तान का अफगानिस्तार पर कई हवाई हमले
बता दें कि, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर चल रही तनातनी के बीच, शुक्रवार को 48 घंटे के युद्धविराम को आपसी सहमति से बढ़ाने पर सहमति बनी थी। लेकिन कुछ ही घंटे बाद तालिबान ने पाकिस्तान पर अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में एयर स्ट्राइक का आरोप लगाया। इसके तहत पाकिस्तान ने डूरंड लाइन से सटे पक्तिका के कई जिलों में हवाई हमले किए।
ACB विस्तृत पोस्ट शेयर की
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने इस घटना को लेकर विस्तृत पोस्ट शेयर किया है। इसमें बताया गया कि कबीर, सिबगातुल्ला और हारून समेत आठ लोगों की मौत हुई और सात घायल हुए हैं। मृतक क्रिकेटर पक्तिका की राजधानी शराना में एक फ्रेंडली मैच खेलने गए थे, जहां यह दुखद हमला हुआ।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने बताया कि क्रिकेटर कबीर, सिबगातुल्ला और हारून पर उरगुन जिले में एक सभा के दौरान हमला हुआ। बयान में ACB ने अल्लाह से शहीदों को जन्नत में ऊंचा स्थान देने, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और परिवारों को इस कठिन समय में सब्र और ताकत देने की दुआ की है।





