नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । T20 वर्ल्ड कप के बीच टीम इंडिया के लिए चिंता की खबर सामने आयी है। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण की समस्या के कारण दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जांच में स्टमक इन्फेक्शन की पुष्टि हुई, जिसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें निरंतर निगरानी में रखने का निर्णय लिया।
दरअसल, सोमवार रात तक अभिषेक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। टीम और फैंस दोनों उनकी ठीक होने की प्रक्रिया को लेकर चिंतित हैं और अगली मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। डॉक्टरों की सलाह के बाद ही उनके डिस्चार्ज और रिकवरी का अंतिम फैसला लिया जाएगा।
भारत 12 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगा
टीम इंडिया का नामीबिया के खिलाफ लीग मैच 12 फरवरी को दिल्ली में खेला जाएगा। मुंबई में अमेरिका के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में पेट की समस्या से जूझ रहे अभिषेक शर्मा मंगलवार के ट्रेनिंग सेशन में शामिल नहीं हो पाए। भारत के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने कहा कि अभिषेक को अभी भी पेट संबंधी दिक्कत है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि वे मैच तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे।
अभ्यास सत्र में मंगलवार शाम फ्लडलाइट्स में ईशान किशन सबसे पहले नेट बल्लेबाजी की। जबकि संजू सैमसन पेस बॉलिंग नेट में मौजूद रहे। गेंदबाजी हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह ने की। इस दौरान नामीबिया के तेज गेंदबाज रूबेन ट्रम्पेलमैन जैसी एंगल और गति की तैयारी की गई।
दूसरे नेट सेशन में तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने साथ बल्लेबाजी की, जो संभावित टॉप-4 संयोजन का संकेत दे रहा है। पिछले कुछ हफ्तों में संजू सैमसन के लिए फॉर्म उतार-चढ़ाव भरा रहा है। मुंबई में पहले मैच में उन्हें ओपनिंग का मौका नहीं मिला और ईशान किशन की शानदार लय के चलते वह फिलहाल बेंच पर बैठे हैं। रयान टेन डोशेट ने कहा “टीम मैनेजमेंट संजू को पूरी तरह सपोर्ट कर रहा है, लेकिन जब ईशान जैसे खिलाड़ी लगातार शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो पहले मैच के लिए चयन स्पष्ट हो जाता है।” नेट्स में संजू ने करीब 30 मिनट बल्लेबाजी की।
बुमराह की फिटनेस को लेकर राहत भरी खबर
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने बताया कि बुमराह अब काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। अभ्यास के दौरान बुमराह ने सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के खिलाफ लगभग 25 मिनट तक गेंदबाजी की और पूरी तरह फिट नजर आए। इसके बाद रिंकू सिंह, शिवम दुबे और हार्दिक पंड्या ने भी बल्लेबाजी की। अब सभी की नजरें अभिषेक शर्मा की फिटनेस अपडेट और अंतिम प्लेइंग इलेवन पर टिकी हैं। अगर अभिषेक मैच तक फिट नहीं हो पाते हैं, तो उनकी जगह संजू सैमसन ओपनिंग करते हुए मैदान में उतर सकते हैं।





