MP Election: स्मृति ईरानी का बयान, कहा- राम के अस्तित्व को नकारने वाले कांग्रेसी आज मंदिर-मंदिर भटक रही है

Katni: BJP धर्म और धैर्य की पार्टी है। कांग्रेस प्रभु श्री राम के अस्तित्व को नकारती रही, आज कांग्रेस नेता मंदिर मंदिर भटक रहे हैं। इस सरकार ने अदालत में हलफनामा देकर राम के अस्तित्व को नकारा था।
Smriti Irani
Smriti Irani Social Media

कटनी/छिंदवाड़ा, हि.स.। भाजपा धर्म और धैर्य की पार्टी है। जो कांग्रेस प्रभु श्री राम के अस्तित्व को नकारती रही है, आज उसी कांग्रेस के नेता मंदिर मंदिर भटक रहे हैं। इसी कांग्रेस की सरकार ने अदालत में हलफनामा देकर राम के अस्तित्व को नकारा था, अब देश और मध्य प्रदेश की जनता कांग्रेस को नकारने के लिए तैयार है।

कांग्रेस हमारा मजाक उड़ाती थी, कहती थी मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे। हम मंदिर भी बना रहे हैं और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए 22 जनवरी की तारीख भी बता दी है। आप विधानसभा चुनाव में कमल का बटन दबाएं, भाजपा को जिताएं और फिर रामलला के दर्शन के लिए जाएं।

मोदी की वैक्सीन

यह बात केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कटनी के बरही और छिंदवाडा के चौरई में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कोरोना संकट में देश का जिस कुशलता के साथ नेतृत्व किया, वह एक मिसाल है। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से जब हमारे वैज्ञानिकों ने दो-दो वेक्सीन बनाई, तो कांग्रेस ने उसकी भी आलोचना की। कांग्रेस के लोगों ने उसे ’मोदी की वैक्सीन’ बताकर देश की जनता को भ्रमित किया। लेकिन बाद में चुपचाप वेक्सीन लगवा ली।

गरीबों को अनाज मिल रहा तो दुख रहा कांग्रेस का पेट

स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने कोरोना संकट के दौरान देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देकर किसी गरीब को भूखा नहीं रहने दिया। इस योजना के कारण लोगों के जीवन में आ रहे बदलावों को देखते हुए प्रधानमंत्री ने इसे अगले पांच सालों के लिए आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। लेकिन भाजपा सरकार गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है, तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने कहा कि असल में कांग्रेस गरीबों को गरीब ही बनाए रखना चाहती है, ताकि उनका वोट बैंक बना रहे। लेकिन आप लोगों को कांग्रेस के झांसे में नहीं आना है।

वे एक हजार की बात कर रहे शिवराज जी ने 1250 दे दिए

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 500 रुपये में महिलाओं को गैस सिलेंडर देने की बात कही थी, लेकिन भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने वही सिलेंडर महिलाओं को 450 रुपये में देना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग महिलाओं को पैसे देने की बातें कर रहे थे, उसके लिए फॉर्म भी भरवा रहे थे, लेकिन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने लाडली बहनों को हर माह 1250 रुपये देना शुरू भी कर दिया। उन्होंने कहा कि विकास और गरीब कल्याण तथा महिला सशक्तीकरण के लिए एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाना है।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.