भोपाल,एजेंसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में दिए गए बयान को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। मध्य प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मुद्दे पर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पेगासस फोन में नहीं, राहुल गांधी के दिमाग में है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी शिवराज पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि जो विधायकों को चीन में असेंबल्ड टैबलेट दिलवा रहे हैं, उन्हें पेगासस पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
मुझे उनकी बुद्धि पर तरस आता है
मुख्यमंत्री चौहान ने शनिवार को भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में मीडिया से बातचीत करते हुए एक सवाल के जवाब में कहा कि पेगासस फोन में नहीं, कांग्रेस के डीएनए में है। पेगासस राहुल गांधी के दिमाग में है। मुझे उनकी बुद्धि पर तरस आता है। कांग्रेस का नया एजेंडा है कि विदेशी धरती पर भारत को बदनाम करो। विदेशी धरती पर देश की आलोचना करना देश विरोधी कदम है। कांग्रेस और राहुल गांधी को देश और देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस देश से साफ होती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी लोगों के दिल में बसे हैं। देश की कीर्ति और प्रतिष्ठा दुनिया में चारों तरफ बढ़ रही है। पूरी दुनिया के राष्ट्र प्रमुख कहते हैं, ‘मोदी जैसा कोई नहीं’।
हमने 1000 रुपया बहनों के खातों में डाला
इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ से उनके मुख्यमंत्रित्व काल को लेकर एक और सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि कमल नाथ जी लाड़ली बहना योजना पर सवाल उठा रहे हैं। मैं आज बहुत जिम्मेदारी से कमल नाथ जी से पूछना चाहता हूं कि हमारी सरकार ने 2021 में बैगा, भारिया और सहरिया जनजाति की बहनों के खाते में 1000 रुपये डालना शुरू किया था, ताकि परिवार में बच्चों का पोषण ठीक से कर सकें। 2018 में जब तक हमारी सरकार रही, हमने 1000 रुपया बहनों के खातों में डाला। आपकी सरकार आते ही इसे बंद कर दिया गया। आपने अत्यंत पिछड़ी जनजाति की बहनों के खाते में 1000 डालना क्यों बंद किया?
इधर, कमलनाथ ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से शिवराज पर पलटवार किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि धोखेबाजी से सत्ता में आए मुख्यमंत्री से मैं पूछना चाहता हूं कि आपने कोरोना महामारी के दौरान मृतक व्यक्तियों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये सहायता राशि के रूप में देने की घोषणा की थी। आज जनता को बताइए कि आपने कितने परिवारों को यह सहायता राशि प्रदान की है। दूसरी बात, राहुल जी के बारे में असभ्य भाषा का प्रयोग कर आप अपने बौद्धिक स्तर का प्रदर्शन कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि पेगासस पर बात करने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है, जो मध्यप्रदेश के विधायकों को चीन में असेंबल्ड टैबलेट दिलवा रहे हैं। शिवराज जी, आप के दिमाग पर सत्ता के अहंकार ने कब्जा कर लिया है! जनता जल्द ही आपका उपचार करने वाली है।




