भोपाल, एजेंसी। हवा का रुख बदलने और बादल छाने से मध्यप्रदेश का मौसम भी बदल गया है। प्रदेश में दिन के तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है और मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 3 दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद 25 फरवरी से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोप एक्टिव होगा, जिसके कारण रात में गर्मी बढ़ जाएगी।
अगले 3 दिन तक पारे में रहेगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बीते 24 घंटों में दिन का तापमान 35 डिग्री के नीचे आ गया है, जो कि दो दिन पहले कई जगहों पर 36-37 डिग्री तक पहुंच गया था। पचमढ़ी में तापमान 27 डिग्री तक आ गया है, जो प्रदेश में सबसे कम है। वहीं, रात की बात करें तो नरसिंहपुर में तापमान 17 डिग्री रहा है। इंदौर, ग्वालियर, सीधी, सिवनी में 16 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। बाकी जगहों पर तापमान 15 डिग्री से कम रहा है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलने से हवा में नमी आ गई और बादल भी छा गए हैं। इस कारण सूरज की रोशनी जमीन तक आते-आते थोड़ी कमजोर हो गई और दिन के तापमान में गिरावट आई है। अगले 3 दिन तक पारे में ऐसी ही गिरावट रहेगी। ज्यादातर शहरों में 32 डिग्री तक तापमान रहेगा। रात में 11 से 12 डिग्री के बीच तापमान रहेगा। सुबह 5 से 7 बजे के बीच हल्की ठंड भी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 25 फरवरी से फिर एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। मध्यप्रदेश में इसका ज्यादा असर नहीं रहेगा, लेकिन रात में गर्मी जरूर बढ़ जाएगी। तापमान 13 से 14 डिग्री तक पहुंच सकता है।





