रायपुर : विष्णुदेव साय ने आत्महत्या मामले पर जताया दुख, तथ्यांवेशन के लिए छह सदस्यीय कमेटी का किया गठन
रायपुर, 10 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने महासमुंद से लगे ग्राम बेमचा के एक महिला व उसकी पाँच पुत्रियों की आत्महत्या के मामले को अत्यंत हृदय विदारक बताते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त की है। विष्णुदेव साय ने तथ्यांवेषन के लिए छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह टीम तीन दिन में अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौपेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय द्वारा गठित समिति में शिवरतन शर्मा, चुन्नीलाल साहू, देवजी भाई पटेल, पूनम चंद्राकर, डॉ. विमल चोपड़ा, रूपकुमारी चौधरी शामिल किए गए हैं। समिति के सदस्य गांव में जाकर ग्रामीणों के साथ परिजनों से चर्चा कर घटना के पीछे के कारणों की पहचान करेंगे। विष्णुदेव साय ने प्रदेश सरकार से यह मांग की है कि इस मर्मांतक घटना की जांच कर संवेदनशील पहल करें। आगे ऐसी कोई पुनरावृत्ति नहीं हो इसलिए सामाजिक और शासकीय स्तर पर ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। साय ने मृतात्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। हिन्दुस्थान समाचार/चंद्रनारायण शुक्ल