raipur-video-clip-of-former-minister-brijmohan-tampered-with-congress-only-works-to-spread-lies-bjp
raipur-video-clip-of-former-minister-brijmohan-tampered-with-congress-only-works-to-spread-lies-bjp

रायपुर : पूर्व मंत्री बृजमोहन के वीडियो क्लिप के साथ छेड़छाड़, कांग्रेस केवल झूठ फैलाने का काम करती है : भाजपा

रायपुर, 18 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के वीडियो क्लिप के साथ छेड़छाड़ कर और कूटरचना कर भ्रम फैलाने के कांग्रेस नेताओं के कृत्य को शर्मनाक बताया है। श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा के विरुद्ध सोशल मीडिया पर मैनुपुलेट वीडियो व पोस्ट का प्रलाप करने वाली कांग्रेस ने अपने फेक न्यूज़ सेल के ज़रिए अग्रवाल के वीडियो क्लिप के साथ जो भद्दी हरक़त की है, उसके लिए ज़िम्मेदार कांग्रेस के लोगों के ख़िलाफ़ दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कूटरचना करके अपने राजनीतिक स्वार्थों को साधने के लिए कांग्रेस किस निम्नस्तर तक जा सकती है, वीडियो क्लिप को कूटरचित करने के इस मामले से साफ़ हो गया है। बृजमोहन अग्रवाल ने पत्रकारों के पूछने पर कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में क्या होता है, इस बाबत पत्रकारों को जवाब दिया था जो कई टीवी चैनलों पर दिखाया गया। परंतु कांग्रेस के आईटी सेल ने उसके कांग्रेस शब्द को काट-छांट कर यह लिख के अपने अधिकृत पेज से प्रकाशित किया कि बृजमोहन भाजपा के शिविर में क्या होता है, वह बता रहे है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने इसे लेकर दर्ज़ कराई गई एफ़आईआर पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि 15 जून को कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर मीडिया द्वारा ली गई प्रतिक्रिया में बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस को शुभकामनाएँ देते हुए कहा था कि भाजपा को इस बात की जानकारी है कि कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविरों में क्या सिखाया जाता है? इसी दौरान उन्होंने टिप्पणी की थी कि कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविरों में रेत माफियागिरी, शराब माफियागिरी, ड्रग माफियागिरी, ज़मीन माफियागिरी का प्रशिक्षण दिया जाता है। श्रीवास्तव ने कहा कि अगले दिन 16 जून की शाम 5.05 बजे भाजपा विधायक के इसी वीडियो क्लिप में कूटरचना कर कांग्रेस ने अपने अधिकृत टि्वटर हैंडल ‘आईएनसी छत्तीसगढ़’ पर यह पोस्ट किया- ‘बृजमोहन अग्रवाल ने बताया, क्या होता है भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में?’ और उसी तस्वीर के साथ उन्हीं शब्दों को कूटरचना कर ट्वीट किया गया। जिसमें बृजमोहन अग्रवाल के वक्तव्य को तोड़-मरोड़कर इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख में छेड़छाड़ किया जाना साफ नज़र आ रहा है। श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसा करना अपराध की श्रेणी में आता है और यह फिर एक बार साबित हो गया है कि कांग्रेस केवल झूठ का व्यापार करती है। भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश अध्य्क्ष मोहन मरकाम, मीडिया प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी, आईटी सेल प्रमुख जयवर्धन बिस्सा पर एफआईआर कर कार्रवाई की मांग भी की है। हिन्दुस्थान समाचार / केशव शर्मा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in