अमित जोगी ने दी ममता बेनर्जी को बधाई रायपुर, 02 मई (हि.स.)। जनता काँग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) के मुख्य प्रवक्ता भगवानू नायक ने पार्टी की ओर से जारी बयान में बताया बंगाल चुनाव में ममता बनर्जी के जीत की हैट्रिक पर छत्तीसगढ़ राज्य की एक मात्र क्षेत्रीय राजनीतिक दल जनता कांग्रेस के अध्यक्ष अमित जोगी ने बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बंगाल चुनाव परिणाम पर जनता काँग्रेस छत्तीसगढ़ के मुख्य प्रवक्ता भगवानू नायक ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा बंगाल के चुनाव परिणाम से देश का लोकतंत्र और भी अधिक मजबूत हुआ है, एक अकेली नारीशक्ति, देश के प्रधानमंत्री, कई मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, केबिनेट मंत्री के चुनाव प्रचार पर भारी पड़ी है। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 200 से अधिक सीटें जीतकर बंगाल में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। इससे एक बार फिर यह साबित हो गया कि देश में भाजपा के विजय रथ को क्षेत्रीय दल ही रोक सकती है। भाजपा को क्षेत्रीय दल ही हरा सकती है। बंगाल चुनाव परिणाम का असर देश भर में होने वाले 2023 के विधानसभा चुनाव में पड़ेगा, 2023 के विधानसभा के चुनाव के दशा और दिशा को तय करेगा। भगवानू नायक ने कहा कि तमाम तोड़ फोड़ की राजनीति के बावजूद बंगाल की जनता पद, पॉवर और पैसे के आगे नहीं झुके, बिना किसी डर, दबाव और प्रलोभन के निष्पक्ष रूप से अपना मतदान किए है और तीसरी बार क्षेत्रीय दल की सरकार बनाने जा रहें है जिसके लिए बंगाल की जनता भी बधाई की पात्र है। भगवानू नायक ने कहा कि कोरोनाकाल में चुनाव, केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग, डर, दबाव , तोड़ फोड़ की राजनीति और नारी शक्ति का अपमान भाजपा पर भारी पड़ गया। हिन्दुस्थान समाचार/चंद्रनारायण शुक्ल





