रायपुर, 05 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के महंगाई विरोधी आंदोलन को पूरी तरह फ़्लॉप शो बताते हुए कटाक्ष किया कि यह केंद्र सरकार के विरुद्ध दुष्प्रचार है। जिसके नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के शासनकाल में भ्रष्टाचार और घोटालों के चलते बेहिसाब महंगाई तब बढ़ी थी जब वह 100 दिनों में महंगाई कम करने के वादे के साथ दोबारा सत्ता में लौटी थी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा ने कहा कि कथनी और करनी के फ़र्क के कारण आज कांग्रेस की विश्वसनीयता दाँव पर लगी हुई है और इसीलिए कांग्रेस के लोग अपने टूल-किट एजेंडे के मुताबिक़ इस प्रकार के षड्यंत्रपूर्ण दुष्प्रचार करके अपना सियासी वज़ूद बचाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने आज अपने बयान में कहा कि सच्चाई पर पर्दा डालकर अपने झूठ की राजनीति से भ्रम फैलाना कांग्रेस का राजनीतिक चरित्र है। कांग्रेस के नेता संयुक्त राष्ट्र के फूड इंडेक्स की सच्चाई से मुँह चुरा रहे हैं, जिसमें वैश्विक स्तर पर महंगाई बढ़ने की चेतावनी दी गई है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के आचरण से यह साफ़ है कि उसे न तो महंगाई की फ़िक्र है और न ही वह अर्थव्यवस्था में वैश्विक मंदी की आहट सुनना चाहती है। अपनी रचनात्मक व सकारात्मक भूमिका निभाने के बजाय कांग्रेस टूल-किट जैसी साजिशें करके देश और देश की सरकार को विश्वमंच पर बदनाम करने में लगी है। हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा




