raipur-congress-did-a-ruckus-due-to-rising-inflation-long-queues-of-vehicles
raipur-congress-did-a-ruckus-due-to-rising-inflation-long-queues-of-vehicles

रायपुर : बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने क‍िया चक्‍काजाम, वाहनों की लगी लंबी कतारें

रायपुर, 18 जून (हि.स.)। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बेलगाम कीमतों की वजह से बढ़ी महंगाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को टाटीबंध चौक पर चक्काजाम किया। रायपुर पश्चिम के विधायक एवं संसदीय सचिव विकास उपाध्याय के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टाटीबंध चौक पर धरना दिया। चक्काजाम के दौरान सैकड़ों वाहनों के पहिये थम गए। चौक के चारों ओर से आने वाली सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चक्काजाम का नेतृत्व कर रहे विधायक विकास उपाध्याय ने केन्द्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की। विकास उपाध्याय ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से आज देश और प्रदेश की जनता महंगाई की मार झेल रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें 100 का आंकड़ा छू चुकी हैँ। रसोई गैस का सिलेंडर 9सौ रुपये की सीमा पार कर चुका है। लेकिन मोदी सरकार धृतराष्ट्र बनी हुई है। विकास उपाध्याय ने कहा कि मोदी सरकार को महंगाई से त्राहिमाम कर रही जनता की पीड़ा दिखाई नहीं देती। कोरोना संकट काल और ऊपर से महंगाई की दोहरी मार ने जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भाजपा नेता भूपेश बघेल सरकार ने ढ़ाई साल का हिसाब मांगते हैं, लेकिन केन्द्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों की वजह से बीते सात सालों में देश की जितना बेड़ा गर्क हुआ है, उस पर कोई सवाल नहीं पूछते। विकास उपाध्याय ने कहा कि केन्द्र सरकार जन विरोधी , गरीबों के खिलाफ है। आम आदमी भाजपा के लिए सिर्फ वोट हासिल करने का जरिया भर है। उसकी समस्याओं से मोदी सरकार को कोई सरोकार नहीं है। विकास उपाध्याय के नेतृत्व में टाटीबंध पर किये गए चक्काजाम में आम लोग घंटों तक फंसे रहे। लेकिन जनता ने इस चक्काजाम का यह कहकर स्वागत किया कि 2014 से पहले भाजपा भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरती थी, लेकिन अब वो महंगाई के साथ खड़ी है। ऐसे में आम जनता महंगाई से त्रस्त है। आम लोगों ने विधायक के चक्काजाम का समर्थऩ किया और महंगाई कम करने की मांग केन्द्र सरकार से की है। हिन्दुस्थान समाचार/चंद्रनारायण शुक्ल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in