रायपुर, 23 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12वीं की परीक्षा को लेकर गाइडलाइन जारी की है। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए यह बड़ा फैसला लिया गया है कि कक्षा 12वीं के परीक्षार्थी घर से ही परीक्षा देंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव प्रोफेसर वीके गोयल ने शनिवार शाम आदेश जारी किया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव वीके गोयल ने कहा कि परीक्षा प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिका लेने के बाद परीक्षार्थी को उत्तर लिखकर उत्तर पुस्तिका को 5 दिनों के भीतर परीक्षा केंद्र में जमा करना होगा। अगर कोई परीक्षार्थी निर्धारित समय के भीतर उत्तर पुस्तिका जमा नहीं करता है तो उसे अनुपस्थित माना जाएगा। उत्तर पुस्तिका लेने और जमा करने के लिए छुट्टी के दिन भी परीक्षा केंद्र के कार्यालय खुले रहेंगे। अगर किसी परीक्षार्थी ने एक जून को उत्तर पुस्तिका लिया तो उसे छह जून को उत्तर पुस्तिका जमा करना होगा। परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिकाएं स्वयं लिखेगा। उत्तर पुस्तिका के प्रथम पृष्ठ पर छात्र को समस्त जानकारी यथा रोल नं. विषय, विषय कोड, हस्ताक्षर, दिनांक अंकित करना अनिवार्य है। उत्तर पुस्तिकाएं जमा करते समय छात्र को उपस्थित पत्रक में हस्ताक्षर करना होगा। छात्र द्वारा जितनी उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त की जाएंगी, सभी उत्तर पुस्तिकाएं केन्द्र में जमा करना होगा। किसी उत्तर पुस्तिका का उपयोग नहीं किया गया है तो कोरी उत्तर पुस्तिका जमा करनी होगी। परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका निर्धारित परीक्षा केन्द्र में कार्यालयीन समय में स्वयं जमा करेंगे। डाक या पोस्ट से भेजे जाने पर उत्तर पुस्तिकाएं स्वीकार नहीं की जाएगी। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र से प्रश्न-पत्र एवं उत्तर पुस्तिका ले जाते समय एवं जमा करते समय अनिवार्य रूप से मास्क लगाकर आयेंगे और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/केशव शर्मा प




