प्रभात झा का आरोप, केन्द्रीय मंत्री रहते हुए कमलनाथ ने किया था चीन के हित में कार्य
प्रभात झा का आरोप, केन्द्रीय मंत्री रहते हुए कमलनाथ ने किया था चीन के हित में कार्य

प्रभात झा का आरोप, केन्द्रीय मंत्री रहते हुए कमलनाथ ने किया था चीन के हित में कार्य

भोपाल, 26 जून (हि.स.)। पूर्व राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर गंभीर आरोप लगाते हुए निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि केंद्र में वाणिज्य और उद्योग मंत्री रहते हुए कमलनाथ ने चीन के हित में कार्य किया था। झा ने यह भी कहा है कि इस संबंध में खुलासा हुआ है और यह 'ऑन रिकार्ड' है। इससे जुड़े दस्तावेज भी सामने आए हैं। उन्होंने सीधे-सीधे कमलनाथ को चीन का एजेंट बताया है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने शुक्रवार को भोपाल में मीडिया से बातचीत में कहा कि तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार में वर्ष 2004 से 2009 तक कमलनाथ केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'जो भी दस्तावेज सामने आए हैं, उनके आधार मैं अपनी भाषा में कहूं कि कमलनाथ चीन का एजेंट बनकर वाणिज्य मंत्री के रूप में कार्य कर रहे थे, तो मुझे कोई दुख नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भारत-चीन के बीच चल रहे तनाव के बीच राहुल गांधी चीन की भाषा क्यों बोल रहे हैं, अब यह बात भी समझ में आने लगी है। उन्होंने कहा कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी और भारत की पार्टी कांग्रेस के बीच बहुत सारी बातों का समझौता होता है। इसी तरह का एक समझौता यह भी हुआ कि भारत में जो सामान सहजता से उपलब्ध है, उसका आयात बढ़ाया जाए। इस समझौते में 250 वस्तुएं चिंहित की गईं और आयात कर भी 100-200 प्रतिशत से घटाने की बात तय हुई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा करने से चीन को जो लाभ हुआ, उसके पैसे से कांग्रेस की मदद की गयी और पैसा राजीव गांधी फाउंडेशन में भी भेजा गया। प्रभात झा ने कहा कि यह एक राष्ट्रीय अपराध है और इसके उस समय के केंद्रीय वाणिज्य मंत्री जिम्मेदार हैं। उन्होंने इस संबंध में कमलनाथ से स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। साथ ही यह भी कहा है कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो भाजपा कार्यकर्ता गांव गांव में इसका प्रचार-प्रसार करेंगे और यह भी बताएंगे कि राहुल गांधी चीन की भाषा क्यों बोल रहे हैं और फाउंडेशन को चीन से कितने पैसे और क्यों मिलते हैं? हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in