नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। जम्मू-कश्मीर के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पाकिस्तानी समर्थित दलों के साथ है और आरक्षण के खिलाफ है। CM योगी ने बताया, ‘मैं अयोध्या की धरती से आया हूं, जो भगवान राम की जन्मभूमि है। वहीं, जम्मू में रामगढ़ का नाम भी राम के नाम पर रखा गया है।’
कांग्रेस के कार्यकाल में अयोध्या की समस्या का समाधान नहीं हो पाया- CM योगी
सीएम योगी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके शासन के दौरान अयोध्या की समस्या का समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “आप सभी ने मोदी जी पर भरोसा किया और 500 साल पुरानी अयोध्या की समस्या का हल हो गया।”
कांग्रेस का नाम ही समस्या और BJP का नाम समाधान- CM योगी
योगी ने कहा कि कांग्रेस का नाम ही समस्या है, जबकि बीजेपी का नाम समाधान है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद की जो समस्याएं हैं, उन्हें कांग्रेस ने बढ़ावा दिया है। योगी ने यह बात भी कही कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब जम्मू-कश्मीर में भी वही समस्याएं थीं, जो अब सबको याद हैं।
जम्मू कश्मीर चुनाव
यह पहली बार है कि जम्मू-कश्मीर में केंद्र शासित प्रदेश के तौर पर विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। जब अनुच्छेद 370 को हटाया गया था, तब राज्य को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित किया गया था।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 6 जिलों में हुआ। कुल 24 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ, जिनमें से 16 कश्मीर और 8 जम्मू में थीं। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में दूसरे और तीसरे चरण का मतदान 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को होगा। वहीं चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे ।





