नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पाकिस्तान ने जाफर एक्सप्रेस हाईजैक का आरोप भारत के सिर मढ़ा था। ट्रेन हाईजैक में भूमिका के आरोप पर अब भारत ने करारा जवाब दिया है। भारत ने कहा है कि पाकिस्तान को पहले अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए, वह खुद आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश है।
भारत ने आरोपों का किया जोरदार खंडन
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान के आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा, ‘हम पाकिस्तान के आधारहीन आरोपों का खंडन करते हैं। पूरी दुनिया को पता है कि वैश्विक आतंकवाद का केंद्र कहां है। पाकिस्तान को अपनी अंदरूनी समस्याओं और असफलताओं के लिए दूसरों पर आरोप लगाने और उंगली उठाने की बजाए अपने अंदर झांकना चाहिए।’
[EMBED]
Our response to media queries on the remarks made by the Pakistan side ⬇️
🔗 https://t.co/8rUoE8JY6A pic.twitter.com/2LPzACbvbf
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) March 14, 2025
पाकिस्तान ने उगला था जहर
इससे पहले गुरुवार को पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने दावा किया था कि जाफर एक्सप्रेस पर हमले में शामिल विद्रोही अफगानिस्तान में मौजूद सरगनाओं के संपर्क में थे। उन्होंने कहा था कि भारत पाकिस्तान में आतंकवाद में शामिल रहा है। जाफर एक्सप्रेस पर विशेष हमले में आतंकवादी अफगानिस्तान में मौजूद अपने आकाओं और सरगनाओं के संपर्क में थे। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संबंध सीमा पर लगातार झड़पों और इस्लामाबाद के दावों के कारण तनावपूर्ण हो गए हैं।
बलूच विद्रोहियों ने ट्रेन को किया था हाईजैक
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को बलूच विद्रोहियों ने दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान में जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर यात्रियों को बंधक बना लिया था, जिनमें से कुछ यात्रियों को उन्होंने मौत के घाट भी उतारा। उन्होंने ट्रेन रोककर उस पर गोलीबारी की थी। इस हमले को लेकर बलूचिस्तान प्रांत की स्वतंत्रता की मांग करने वाले बीएलए ने कहा कि उसने 20 सैनिकों को मार गिराया और एक ड्रोन को मार गिराया। आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के क्षेत्र से नहीं हटने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी है।





