
मुंबई, हि.स.। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पुणे में जल्द स्काईवॉक बसें चलाई जाएंगी। सरकार इस योजना पर काम कर रही है। इससे पुणे शहर को ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकेगी। पुणे में नए चांदनी चौक फ्लाईओवर का लोकार्पण करने के बाद गडकरी ने कहा कि पुणे शहर दिन-ब-दिन तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ती जनसंख्या के साथ-साथ पुणे में वाहनों की संख्या भी बढ़ गई है। मेरे पास पुणे के लिए एक हवाई स्काईबस का विचार है। मैं अजित पवार और चंद्रकांत पाटिल से अनुरोध करता हूं कि वे इस प्रस्तुति को एक बार अवश्य देखें। नितिन गडकरी ने आश्वासन दिया कि इस स्काई वॉक बस में एक बार में 250 यात्री यात्रा कर सकते हैं।
देश में पेट्रोल डीजल पर बैन की इच्छा
उन्होंने आगे कहा कि चूंकि यहां पहले से ही ट्रैफिक जाम है, इसलिए अब पुणे में वाहनों की संख्या न बढ़ाएं। यहां बहुत ज्यादा प्रदूषण है। हम देश में पेट्रोल डीजल पर बैन लगाना चाहते हैं। इससे 40 प्रतिशत तक प्रदूषण कम होगा। वीआईपी संस्कृति ख़त्म होनी चाहिए। सायरन की आवाज़ ख़त्म होनी चाहिए। पुणे के विकास के लिए चालीस हजार करोड़ रुपये की विकास योजना तैयार की गई है। इसमें दो-तीन मंजिला फ्लाईओवर हैं। यहां रिंग रोड का काम जल्द पूरा होगा। मेट्रो का काम भी अंतिम चरण में है। हम स्काईवॉक बस के लिए भी योजना लाएंगे।
दो मांगे हुई पूरी
गडकरी ने कहा कि मंत्री बनने के बाद वह कई बार पुणे आये। पुणे के लोगों की तीन मांगें थीं। इनमें पुणे मेट्रो का काम, हवाईअड्डे का विकास और चांदनी चौक पुल का निर्माण शामिल है। इनमें से दो चीजें पूरी हो चुकी हैं, अब मेट्रो का काम भी पूरा हो रहा है। इस मौके पर राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस, अजित पवार, संरक्षक मंत्री चंद्रकांत पाटिल और अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।