नई दिल्ली, हि.स.। इतिहास रचते हुए भारत ने बुधवार को चांद पर कदम रखा। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कई राष्ट्र अध्यक्षों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई संदेश भेजे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व के नेताओं का शुभकामनाओं और बधाई संदेश के लिए दिल से आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने अपने आभार संदेश में कहा कि यह मील का पत्थर न केवल भारत का गौरव है बल्कि मानवीय प्रयास और दृढ़ता का प्रतीक है। विज्ञान और अंतरिक्ष में हमारे प्रयास सभी के लिए एक उज्ज्वल कल का मार्ग प्रशस्त करेगा। नेपाल के प्रधान मंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड, भूटान के प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग से लेकर संयुक्त अरब अमीरात के शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान तक कई नेताओं ने इसरो की उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपनी शुभकामनाएं भेजीं।
अमेरिका ने भी दी बधाई
अमेरिकी राजनेताओं ने चंद्रयान-3 की चांद पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग पर भारत की सराहना की। साथ ही यहां की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक लैंडिंग के लिए भारत को बधाई।
सोनिया गांधी ने इसरो प्रमुख को चंद्रयान-3 की सफलता के लिए दी बधाई
वहीं, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) प्रमुख एस. सोमनाथ को चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर बधाई दी है। सोनिया गांधी ने गुरुवार को इसरो प्रमुख सोमनाथ को लिखे पत्र में कहा कि वह चन्द्रयान-3 की सफलता से वह बहुत रोमांचित हैं। यह सभी भारतीयों, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए बहुत गर्व और उत्साह का विषय है। सोनिया गांधी ने कहा कि इसरो की उत्कृष्ट क्षमताएं दशकों में विकसित हुई हैं। इसमें अनेक लोगों ने उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि चन्द्रयान-3 की सफलता के लिए वह पूरे इसरो परिवार को शुभकामनाएं देती हैं। उल्लेखनीय है कि चंद्रयान-3 ने बुधवार को चांद की सतह पर सफल लैंडिंग की है। यह मिशन चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव में छिपे रहस्यों को उजागर करेगा। चन्द्रयान-3 चंद्रमा पर पहुंचने वाला भारत चौथा और दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है।




