नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से लोकसभा में गुरुवार को जबरदस्त आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाए तो माधव राव सिंधिया ने सिख हिंसा और मणिपुर में पूर्व की हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस को ही घेरा। इसके बाद पीएम मोदी ने अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस को घरते हुए कहा कि ये इंडिया गठबंधन नहीं, घमंडिया गठबंधन है। इसकी बारात में हर कोई दूल्हा बनना चाहता है। इस गठबंधन ने ये भी नहीं सोचा कि किस राज्य में आपका किससे कैसा कनेक्शन है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में आप टीएमसी और कम्यूनिस्ट पार्टी के खिलाफ हैं। दिल्ली में साथ हो गए। केरल के वायनाड में जिन लोगों ने कांग्रेस के दफ्तर में तोड़फोड़ की, उसके साथ दिल्ली में इन्होंने गठबंधन किया।
मैतई और कुकी समुदाय के बीच बफर जोन बनाया गया
इससे पहले कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने गुरुवार को कहा कि देश को सांप्रदायिकरण, ध्रुवीकरण और भगवाकरण को क्विट इंडिया कहना होगा। उन्होंने मणिपुर के मुद्दे पर सरकार को घेरने का प्रयास किया और कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री ने कल खुद ही कहा था कि मैतई और कुकी समुदाय के बीच बफर जोन बनाया गया है।
मजबूरी में लाया गया अविश्वास प्रस्ताव
कांग्रेस नेता ने अविश्वास प्रस्ताव के दौरान कहा कि विपक्ष को मजबूर होकर सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना पड़ा है, क्योंकि प्रधानमंत्री सदन में आकर जवाब देने को राजी नहीं थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव नहीं जीत सकता। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी एक बार या सौ बार देश के प्रधानमंत्री बनें, हमें इससे कोई लेना-देना नहीं है। हम बस जनता का हित चाहते हैं। इस दौरान कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री को एक भगोड़े आर्थिक अपराधी से जोड़ा, जिसके बाद सत्ता पक्ष की ओर से उनकी आलोचना हुई और नियमों का हवाला देते हुए अध्यक्ष से उनकी बातों को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की गई। चौधरी ने कहा कि गृहमंत्री ने स्वयं माना है कि मैतई और कुकी समुदाय के बीच बफर जोन बनाया गया है। इसका अर्थ है कि दोनों समुदायों के बीच एक खाई पैदा हो गई है।
400 से 40 हो गए
इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि लंका को हनुमान ने नहीं जलाई उनके घमंड ने जलाई थी। जनता जनार्दन भी भगवान राम के रूप में है। इसलिए ये 400 से 40 हो गए हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये अपने जन्मदिन पर हवाई जहाज में केक काटते थे। आज हवाई जहाज में गरीब के लिए वैक्सीन जाती है।




