नई दिल्ली, हि.स.। दिल्ली मेट्रो में एक दिन में 68.16 लाख यात्रियों की राइडरशिप दर्ज की गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली मेट्रो में 68.16 लाख यात्रियों की राइडरशिप दर्ज की गई। दिल्ली मेट्रो में लोगों के सफर करने की यह अब तक की सबसे अधिक संख्या है।
लॉकडाउन से पहले का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले 10 फरवरी, 2020 को 66,18,717 लोगों ने एक दिन में दिल्ली मेट्रो में यात्रा की थी। यह आंकड़ा कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन से ठीक पहले का है। डीएमआरसी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि यह सफलता कई चुनौतियों के बाद हासिल की गई है। यह सफलता दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा प्रदान की जा रही विश्वस्तरीय परिवहन प्रणाली में लोगों के विश्वास को दर्शाता है।
समर्पित कर्मचारियों के प्रयास से हासिल हुआ मुकाम
डीएमआरसी की तरफ से यह भी कहा गया कि यह उपलब्धि समर्पित कर्मचारियों के प्रयासों, दिल्ली एनसीआर में रहने वाले लोगों के समर्थन और कुशल और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। कॉर्पोरेशन ने दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ाते हुए यात्री सुरक्षा और आराम को प्राथमिकता देना जारी रखा है।




