नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आज पटना 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के विरोधी दलों का पहला जमावड़ा लगा है। विपक्षी एकता की पहली बैठक की मेजबानी बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू नेता नीतीश कुमार कर रहे हैं। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सत्ताधारी बीजेपी को आने वाले लोकसभा चुनाव में हराने की रणनीति को अमलीजामा पहनाना है। इस बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत 15 विपक्षी दलों के तमाम बड़े नेता शामिल हुये हैं। इस बैठक को लेकर भाजपा ने कांग्रेस और अन्य दलो पर निशाना साधा है।
कांग्रेस भाजपा को अकेले हराने में नाकाम
पटना में विपक्षी दलों की बैठक पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा मैं विशेषतौर पर कांग्रेस पार्टी का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने सार्वजनिक तौर पर यह घोषित कर दि कि वो (कांग्रेस) PM मोदी को अकेले हराने में नाकाम है, उन्हें सहारे की ज़रूरत है। अतः विपक्षी बैठक से साफ हो गया है कि कांग्रेस भाजपा को अकेले नहीं हरा सकती है।
पटना में फोटो सत्र चल रहा है
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष की बैठक पर कहा कि आज पटना में फोटो सत्र चल रहा है। वे प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं विपक्षी नेताओं से कहना चाहता हूं कि कितना भी साथ हो लो आपकी एकता संभव नहीं है। अगर एकता संभव हो भी गई तब भी कोई फायदा नहीं है। साल 2024 में मोदी का 300 से ज्यादा सीटों के साथ आना तय है।
ईरानी ने PM के अमेरिका दौरे पर कही ये बात
पीएम मोदी के अमेरिका दौरे को लेकर स्मृति ईरानी ने कहा कि इस दौरान भारत और अमेरिका के बीच कई महत्वपूर्ण समझौते हुए। इसमें रक्षा, सेमी कंडक्टर, क्रिटिकल मिलीरल आदि क्षेत्र के समझौते शामिल है। प्रधानमंत्री के अमेरिका यात्रा के परिणाम स्वरूप रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिज सहयोग जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए हैं। सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन और इनोवेशन पार्टनरशिप पर समझौता ज्ञापन न केवल अनुसंधान बल्कि व्यावसायिक अवसरों को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि भारत को उद्योग शिक्षा आदि क्षेत्र में नई उड़ान मिली है।





