संजय सिंह को मिली बेल, लेकिन जश्न नहीं मनाएगा परिवार, AAP नेता बोले- शेर ज्यादा दिन कैद नहीं किए जा सकते

आप सांसद संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी है। फैसले का संजय सिंह के परिवार ने स्वागत किया है। हालांकि, उनका कहना है कि जब तक बाकी के तीनों नेता बाहर नहीं आ जाते, तब तक वो जश्न नहीं मनाएंगे।
sanjay singh
sanjay singhRaftaar.in

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली के शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्डरिंग मामले में AAP सांसद संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बेल मिल गई है। सिंह अक्टूबर, 2023 से जेल में बंद थे। उनको बेल मिलने के बाद उनकी पत्नी अनिता सिंह ने जानकारी दी कि संजय सिंह 3 अप्रैल को जेल से बाहर आएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक उनके तीनों भाई जेल से बाहर नहीं आएंगे तब तक वो कोई जश्न नहीं मनाएंगे।

तीनों भाई से अनिता सिंह का मतलब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन से था। आपको बता दें कि ये तीनों इसी मामले में आरोपी हैं और तिहाड़ जेल में बंद हैं। अरविंद केजरीवाल को 1 अप्रैल को ही 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अनिता सिंह ने आगे ये भी कहा कि ये एक लंबा संघर्ष है जो लंबे समय तक चलता रहेगा।

बेल पर आए फैसले के बाद AAP सांसद स्वाति मालिवाल ने ट्वीट किया, "शेर ज्यादा दिन कैद नहीं किए जा सकते।"

वहीं राघव चढ्ढा ने लिखा, "आज हर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता के लिए बहुत भावुक दिन है। हमारे शेर संजय सिंह की रिहाई से आज वो ख़ुशी है जो शब्दों में बयान नहीं की जा सकती। "

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, "आज का दिन भारतीय लोकतंत्र में मील का पत्थर साबित होगा। सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की बेंच ने संजय सिंह को जमानत दे दी। इन सबमें मनी ट्रेल कहां है?"

वहीं आम आदमी पार्टी के लीगल हेड संजीव नासियार ने कहा कि जब बेल एप्लिकेशन पर कोर्ट में बहस चल रही थी तब ED से कई सवाल पूछे गए लेकिन उनके पास संतोषजनक जवाब ही नहीं था। तब कोर्ट ने पूछा कि संजय सिंह को बेल क्यों नहीं मिलनी चाहिए, इसमें आपकी ऑब्जेक्शन क्या है? ED सुप्रीम कोर्ट के सवालों का जवाब नहीं दे पाई। हम शुरू से कह रहे थे कि सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं हो सकता है।

संजय सिंह को मिली जमानत का समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव ने भी स्वागत किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संजय सिंह की तरह ही अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को इंसाफ मिलेगा।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in