
नई दिल्ली, हि.स.। बिहार विधानसभा में लड़कियों को शिक्षित करने से जनसंख्या नियंत्रण पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव के बारे में नीतीश कुमार के बयान पर सियासी बवाल मच गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने बयान की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री से अपने बयान के लिए देश से माफी मांगने की मांग की है।
नीतीश कुमार ने माफी मांगी
बिहार विधानसभा में नीतीश कुमार ने भरी सभा में महिलाओं पर सेक्स ऐजुकेशन के नाम पर अभद्र टिपण्णी कीं। लेकिन 24 घंटे के अंदर नीतीश कुमार ने माफी मांगी और कहा- मैं खुद पर शर्म कर रहा हूं। मैं माफी मांग रहा हूं। मैं अपनी निंदा खुद कर रहा हूं। इस दौरान नीतीश कुमार ये भी बताते रहे कि वे जनसंख्या नियंत्रण पर बोल रहे थे कि बिहार में कितना अच्छा काम हुआ है। महिलाएं पढ़-लिख गयी हैं तो प्रजनन दर कम गया है। नीतीश के भाषण के दौरान भी सदन में भारी हंगामा और शोर शराबा होता रहा।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने दी प्रतिक्रिया
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री का बयान बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक था। आयोग ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने विधानसभा में बात की वह सी ग्रेड फिल्म के डायलॉग जैसा था। महिलाओं के सामने और सबसे बुरी बात यह थी कि उनके पीछे बैठे पुरुष हंस रहे थे। उनकी हरकतें और हावभाव लगभग भद्दे मजाक की तरह थे। सबसे बुरी बात यह है कि अध्यक्ष ने उन्हें अभी तक नहीं हटाया है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष को उनके खिलाफ कदम उठाना चाहिए।
महिला की गरिमा और सम्मान का अपमान
रेखा शर्मा ने कहा कि विधानसभा में उनकी अमर्यादित टिप्पणी हर महिला की गरिमा और सम्मान का अपमान है। उनकी भाषा बहुत अपमानजनक और घटिया है। अगर कोई नेता लोकतंत्र में खुलेआम ऐसे बयान देता है तो आप कल्पना कर सकते हैं कि राज्य में महिलाओं की क्या स्थिति होगी?
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बिहार विधानसभा में महिलाओं के संबंध में भाषण की भाषा अमर्यादित और अक्षम्य है। नीतीश कुमार नैतिकता के आधार पर बिना देरी बिना शर्त बिहार सहित देश की महिलाओं से माफ़ी मांगें। नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा में महिलाओं के संबंध में अमर्यादित टिप्पणी की थी। उनकी टिप्पणी के बाद देशभर में उनके बयान की आलोचना होने लगी।
उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी
उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री होने के बावजूद नीतीश कुमार ऐसी बयानबाजी करते हैं। महिलाओं के लिए इस तरीके की बयानबाजी जो अपने आप में बिलकुल अशोभनीय है। नीतीश कुमार की टिप्पणी से पता चलता है कि महिलाओं के प्रति इनका कैसा रवैया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in