PM Modi Inaugurates ITPO Complex: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने दिल्ली के प्रगति मैदान में बुधवार को नए आईटीपीओ कॉम्प्लेक्स ‘भारत मंडपम’ (Bharat Mandapam) का उद्घाटन किया। इस दौरान समारोह में पीएम के अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राजनाथ सिंह, डॉ. जितेंद्र सिंह और अभिनेता आमिर खान सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रगति मैदान में पुनर्विकसित भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) परिसर में उद्घाटन से पहले पूजा भी की। उन्होंने इस परिसर के निर्माण में शामिल मजदूरों के साथ बातचीत की और उन्हें सम्मानित भी किया।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने समारोह में अपने संबोधन में कहा कि भारत मंडपम के लिए पूरे देश को बधाई देता हूं। भारत मंडपम को देखकर हर भारतीय आनंदित है और गर्व महसूस कर रहा है। भारत मंडपम भारत के सामर्थ्य का, भारत की नई उर्जा का आह्वान है। भारत मंडपम भारत की भव्यता और इच्छाशक्ति का दर्शन है। उन्होंने आगे कहा कि इसके निर्माण में लगे श्रमजीवियों को मैं धन्यवाद करता हूं। उनके प्रयासों और मेहनत से यह काम पूरा हो पाया। मैं यहां उपस्थित अन्य गणमान्य लोगों का भी अभिनंदन करता हूं। इस दौरान पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस की भी बधाई दी।
2,700 करोड़ रुपये की लागत से हुआ विकसित
प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा सोमवार को बताया गया था कि प्रगति मैदान में इस परियोजना को लगभग 2,700 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। पीएमओ के अनुसार, लगभग 123 एकड़ भूभाग में तैयार यह परिसर देश के सबसे बड़े बैठक, सम्मेलन और प्रदर्शनी केन्द्र के रूप में विकसित किया गया है। बता दें कि सितंबर के महीने में जी20 नेताओं की बैठक की मेजबानी भी इसमें की जाएगी।




