सिवनी : पर्यटकों के लिए 15 जून से खुलेगा पेंच राष्ट्रीय उद्यान
सिवनी : पर्यटकों के लिए 15 जून से खुलेगा पेंच राष्ट्रीय उद्यान

सिवनी : पर्यटकों के लिए 15 जून से खुलेगा पेंच राष्ट्रीय उद्यान

सिवनी , 12 जून (हि.स.)। कोविड-19 वायरस के प्रसार से उपजी परिस्थितियों, स्थानीय समुदायों, पर्यटकों, शासकीय कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा एवं कोविड-19 वायरस के प्रसार पर नियंत्रण की दृष्टि से शासन के निर्देशानुसार पेंच टाइगर रिजर्व, सिवनी को पर्यटन हेतु बंद कर दिया गया था। किंतु अब 15 जून से पुन: पेंच टाइगर रिजर्व, सिवनी में पर्यटकों के लिये पर्यटन गतिविधियां प्रारंभ की जा रही हैं। इस बात की पुष्टि क्षेत्र संचालक पेंच टाइगर रिजर्व विक्रम सिंह परिहार ने शुक्रवार देर रात्रि की है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 संक्रमण को ध्यान में रखते हुये मध्यप्रदेश शासन एवं एनटीसीए नई दिल्ली द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जायेगा। सफारी हेतु आॅनलाईन टिकट सुविधा पूर्व की तरह प्रारंभ हो चुकी है। एक ही परिवार के 06 सदस्य एक वाहन में बैठ सकेंगे। अलग-अलग समूहों से आये पर्यटकों हेतु एक वाहन में केवल 04 सदस्यों को ही बैठने की अनुमति होगी। केंटर वाहन में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराने के लिये केंटर वाहन में 18 के स्थान पर 12 पर्यटक जा सकेंगे तथा 02 गाईड के स्थान पर 01 ही गाईड जा सकेगा। 10 वर्ष से कम एवं 65 वर्ष से अधिक उम्र के पर्यटकों को प्रवेश नही दिया जावेगा। पर्यटक, कर्मचारी, गाईड एवं वाहन चालक को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। बताया गया कि पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग हेतु जिला प्रशासन द्वारा प्रवेश द्वार पर स्वास्थ्य विभाग के अमले की ड्यूटी लगाई जा रही है। प्रवेश द्वार पर ही समस्त आगंतुक पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जावेगी और यदि किसी का तापमान अधिक पाया जाता है तो उन्हें प्रवेश द्वार के पास बनाये गये आइसोलेशन कक्ष में रखा जाएगा। पार्क प्रबंधन द्वारा पार्क भ्रमण में जाने वाले वाहनों के लिए विशेष रूप से निर्मित सेनेटाइजर स्थल से होकर वाहन प्रवेश करेंगे। कोई पर्यटक पार्क के अंदर गाड़ी से नीचे नहीं उतर सकेगा। जिप्सी वाहन में प्रवेश और वापस आने पर वाहन मालिक को स्वयं ही सेनीटाइज कराना होगा। होटल मालिक पार्क जाने से पूर्व पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग करेंगे। साथ ही पर्यटन गेट पर भी पुन: थर्मल स्क्रीनिंग होगी। प्रवेश द्वार को रोज तीन बार सेनीटाइज किया जायेगा। पर्यटकों के सम्पर्क में आने वाले जिप्सी चालक और गाइड मास्क और सेनीटाइजर का उपयोग अनिवार्य रूप से करेंगे। कोरोना जैसे लक्षण दिखने पर पार्क में प्रवेश हरगिज नहीं दिया जायेगा और तत्काल जानकारी प्रशासन को दी जायेगी। बताया कि सभी जिप्सी वाहन में सीट कवर नहीं होगा। पार्क के अंदर थूकना प्रतिबंधित रहेगा। पानी की बोटल और खाने-पीने की चीजें डस्टबिन में न डालकर वाहन के अंदर रखना होगा। हिन्दुस्थान समाचार /रवि-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in