भारतीय सिविल लेखा सेवा के अधिकारियों ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय सिविल लेखा सेवा ने यह सुनिश्चित किया है कि लेखा प्रक्रिया और लेखा रिपोर्ट सरकार में वित्तीय जवाबदेही सुनिश्चित करने और लोक प्रशासन में पारदर्शिता लाने का साधन बने।
भारतीय सिविल लेखा सेवा के अधिकारियों ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय सिविल लेखा सेवा (2018-2021 बैच) के अधिकारियों ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा सिविल सेवकों के रूप में उनसे (अधिकारियों) सार्वजनिक प्रशासन में उत्कृष्टता का प्रयास करने और संविधान में प्रदत्त मूल्यों को बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है। राष्ट्रपति ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे सार्वजनिक कल्याण और देश के समावेशी विकास के उद्देश्य से काम करें।

राष्ट्रपति ने भारतीय सिविल लेखा सेवा की तारीफ की
राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय सिविल लेखा सेवा ने यह सुनिश्चित किया है कि लेखा प्रक्रिया और लेखा रिपोर्ट सरकार में वित्तीय जवाबदेही सुनिश्चित करने और लोक प्रशासन में पारदर्शिता लाने का साधन बने। सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन की एक ठोस प्रणाली देश में न्यायसंगत और समावेशी विकास को बढ़ावा देने में मदद करती है। देश में सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन के प्रमुख संचालकों के रूप में भारतीय सिविल लेखा सेवा के अधिकारियों से उन प्रणालियों को डिजाइन, विकसित और कार्यान्वित करने की अपेक्षा की जाती है, जो अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में भी एक आदर्श बनते हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि यांत्रिकीकरण और प्रौद्योगिकी के उपयोग ने देश में शासन के मानक बदल दिए हैं। हमने शासन प्रणालियों में प्रौद्योगिकी के उपयोग में तेज बदलाव देखा है। डिजिटाइजेशन और ऑनलाइन सर्विस डिलीवरी से लोक प्रशासन में काफी हद तक पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है।

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in