राष्ट्रवादी हो चुकी यूपी की जनता से सत्ता में आने का ख्वाब छोड़ दे विपक्ष : नीलिमा कटियार

राष्ट्रवादी हो चुकी यूपी की जनता से सत्ता में आने का ख्वाब छोड़ दे विपक्ष : नीलिमा कटियार
राष्ट्रवादी हो चुकी यूपी की जनता से सत्ता में आने का ख्वाब छोड़ दे विपक्ष : नीलिमा कटियार

- व्यक्तिवाद और परिवारवाद की भाजपा में नहीं है कोई जगह - भाजपा सरकार में पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों को मिला रहा योजनाओं का लाभ कानपुर, 18 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की योगी आदित्यनाथ की सरकार अपने कार्यकाल का साढ़े तीन वर्ष पूरा करने जा रही है। लगभग डेढ़ साल बार फिर चुनाव होने हैं और सरकार को जनता की चौखट पर जाना है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में योगी सरकार के विकास कार्यों के साथ विधायकों, मंत्रियों का कामकाज और जनता से जुड़ाव की परीक्षा होगी। इसको लेकर हिन्दुस्थान समाचार के संवाददाता अजय सिंह ने कल्याणपुर की विधायिका व राज्य मंत्री नीलिमा कटियार से विधानसभा और प्रदेश में हुए विकास की स्थिति जानी। पेश है राज्य मंत्री नीलिमा कटियार से बातचीत के अंश। सवाल- साढ़े तीन साल में क्षेत्र के विकास के लिए क्या किया? कुछ बड़ी परियोजनाओं के नाम बताएं, जो जमीन पर दिख रही हों। जवाब- राज्य मंत्री ने कहा कि साढे तीन साल के कार्यकाल में कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि का शत प्रतिशत खर्च करके विकास कार्य कराये गये। क्षेत्र में जिन जगहों की सड़के टूटी पड़ी थी उनको सही कराया गया। गर्मी में पानी की समस्या को देखते हुए खासकर दलित बस्तियों में हैंडपंप लगवाये गये। केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उज्जवला के तहत गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन दिलाकर उन्हे धुएं से निजात दिलाई गयी। क्षेत्र में शिक्षा के सुधार के लिए परिषदीय विद्यालयों की बराबर मॉनिटरिंग की जा रही है, कुछ विद्यालयों को पार्टी के कार्यकर्ता या पदाधिकारियों को गोद दिलाया गया। यही नहीं कल्याणपुर विधानसभा की सबसे बड़ी उपलब्धि होने जा रही है वह है मेट्रो। केन्द्र और प्रदेश सरकार के सहयोग से मेट्रो का काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही शहरवासी मेट्रो का लुफ्त उठा सकेगें। उन्होंने बताया कि अपने विधायक निधि से विकास कार्यों के अलावा केन्द्र और राज्य सरकार की विकास परक योजनाओं को भी जमीन पर उतारा है। इन सभी योजनाओं के जरिये समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचाने का काम किया गया। राज्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने जो भी कार्य किया आज धरातल पर दिखता है। आगे कहा कि इस विधानसभा में पिछले कार्यकाल को अगर छोड़ दिया जाये तो उसके पहले पांच बार विधायक रहीं मेरी मां प्रेमलता कटियार जो प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रही उन्होंने विकास की गंगा बहाई। सवाल- डेढ़ साल बाद चुनाव है। किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे? स्वयं की उपलब्धियों को लेकर या पार्टी की। जवाब- भारतीय जनता पार्टी का जन्म ही परिवारवाद और व्यक्तिवाद के खिलाफ हुआ है। यहां पर कोई भी व्यक्ति राष्ट्रवादी विचारधारा को लेकर महत्वपूर्ण पदों तक पहुंच सकता है। इसलिए यहां पर व्यक्तिगत कोई भी चीज नहीं होती है। केन्द्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के साथ ही हमने जो क्षेत्र में रहकर सभी लोगों को अपना माना और दुख दर्द में उनके साथ रहे। इसी को लेकर जनता के बीच फिर जाएंगे और उम्मीद ही नहीं पूरा विश्वास है कि क्षेत्र की जनता भाजपा के साथ फिर खड़ी दिखायी देगी। उन्होंने कहा कि हम सभी विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जायेंगे। सवाल- प्रदेश में आपकी पार्टी की सरकार और अन्य पार्टियों के सरकारों के बीच मूलभूत अंतर क्या है? जवाब- राज्यमंत्री ने कहा कि आपके सवालों में सबसे दमदार यही सवाल है। मैं बताती हॅूं कि अन्य पार्टियों की सरकारों और भाजपा की सरकार में क्या अंतर है। भाजपा की सरकार परिवार विशेष और वर्ग विशेष की सरकार नहीं है, बल्कि यह जनता की अपनी सरकार है। यहां पर जनता के हितों के लिए निर्णय सामूहिक लिए जाते है और हर कार्यकर्ता या पदाधिकारी पार्टी परिवार का अहम हिस्सा होता है। हमारी सरकार में योजनाओं को पारदर्शी तरीके लागू किया जाता है और पंडित दीन दयाल उपाध्याय के अन्त्योदय योजना के तहत समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचाया जाता है। भाजपा में जनता जनार्दन की भावनाओं का सम्मान है। भाजपा जनता के अंदर की भावनाओं को जानकर कार्य करती है। यहां पर किसी भी जाति धर्म की भावनाओं को आहत नहीं होने दिया जाता और सतत एवं समग्र विकास मुख्य फोकस होता है। गरीबों तक सारी योजनाओं को पहुंचाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को एलपीजी कनेक्शन मुहैया कराए गए। इसके अतिरिक्त पहली बार किसानों के सम्मान में प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना से किसानों को पांच सौ रुपये प्रति महीने की दर से दिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड से अब गरीब से गरीब व्यक्ति भी पांच लाख तक का इलाज फ्री में हो रहा है। मानक में होने के बावजूद जो व्यक्ति छूट गया था उन्हें मुख्यमंत्री आयुष्मान कार्ड दिया गया। इसी तरह से प्रधानमंत्री आवास में भी पात्र छूटे हुए लोगो को मुख्यमंत्री आवास दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में कानून-व्यवस्था ध्वस्त रही और योगी सरकार में अपराधी स्वयं जेल पहुंच रहे हैं। योगी राज में अपराधमुक्त और जीरो टालरेंस नीति पर कार्य हो रहा है। जिसका नतीजा दिख रहा है कि प्रदेश में संगठित अपराध कम हो रहे हैं। केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं धरातल पर पूरी तरह से खरी उतर रही हैं। भाजपा सरकार राष्ट्रवाद और विकास की नीति पर आगे बढ़ रही है और यूपी की जनता भी राष्ट्रवादी हो चुकी है। ऐसे में राष्ट्रवादी हो चुकी यूपी की जनता से विपक्ष सत्ता में आने का ख्वाब छोड़ दे और प्रदेश में फिर से योगी की सरकार आना तय है। सवाल- अयोध्या में शुरु हुआ राम मंदिर का निर्माण कार्य आगामी विधानसभा चुनाव को कितना प्रभावित करेगा? जवाब- राज्य मंत्री ने कहा कि अयोध्या हिन्दुस्तान का ही नहीं विश्व भर के हिन्दुओं के लिए आस्था का केंद्र है। भाजपा का यह चुनावी मुद्दा जरुर नहीं था पर हर कार्यकर्ता में निहित था कि मंदिर बने। यही नहीं प्रदेश एवं केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भी कोर्ट के फैसले का इंतजार किया गया। किसी प्रकार की कोई जल्दबाजी नहीं की गयी। कोर्ट का सम्मान करते हुए मंदिर का निर्माण हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन करने के साथ ही आधारशिला भी रखी। पूरे देश और दुनिया में भगवान राम के प्रति आस्था रखने वाले करोड़ों भक्त गौरवान्वित हैं। भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में राम मंदिर के निर्माण और भगवान राम की कृपा से प्रदेश में प्रचंड बहुमत से आएगी। राम का नाम किसी को प्रभावित नहीं करता है बल्कि राम को जन-जन का उद्धार करते हैं। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in