भाईदूज के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव का समापन
भाईदूज के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव का समापन

भाईदूज के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव का समापन

सतीश हेड़ाऊ जोधपुर, 16 नवम्बर (हि.स.)। अंधेरे पर उजाले की जीत का पर्व दीपावली सोमवार को भाईदूज के साथ संपन्न हो गया। दीपोत्सव का समापन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की यम द्वितीया को भाई दूज पर्व से हुआ। विवाहित बहिनों ने भाइयों को घर आमंत्रित कर हाथों से भोजन खिलाने की परम्परा का निर्वहन किया। बहिनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु व स्वस्थता की कामना की। भाइयों ने भी बहिनों को भेंट स्वरूप गिफ्ट, नकदी आदि दिए और जिन्दगी भर उनकी रक्षा करने का वचन दिया। भाईदूज के साथ दीपोत्सव सम्पन्न हो गया। दीपावली के तहत शहर में सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए। हर प्रमुख जगहों पर पुलिस व आरएसी को अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। संवेदनशील व अति संवेदनशील क्षेत्रों में भी लगातार गश्त की गई। यातायात पुलिसकर्मी भी देर रात तक सडक़ों पर ड्यूटी करते नजर आए। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह यादव व पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) आलोक श्रीवास्तव अपने-अपने क्षेत्र में देर रात तक राउण्ड लेकर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते रहे। पुलिस उपायुक्त धर्मेन्द्रसिंह यादव ने घरवालों से दूर सडक़ों पर पुलिस अधिकारी और जवानों को मिठाई खिलाई और शुभकामनाएं देकर हौंसला अफजाई भी की। केंद्रीय मंत्री पहुंचे आमजन के बीच: केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने दीपावली पर आमजन, कार्यकर्ताओं तथा व्यापारी साथियों से मिलने भीतरी शहर में पहुंचे। इस दौरान त्रिपोलिया बाजार व्यापार संघ द्वारा उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। उन्होंने सभी आमजन को दीपावली की बधाई दी तथा सभी साथियों संग दीपावली की शुभकामनाओं सहित मिठाई बांटी।-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in