नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। मणिपुर में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। बीजेपी विधायक दल ने युमनाम खेमचंद सिंह को अपना नेता चुना है और वह आज शाम राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ नेमचा किपगेन और लोसी दिखाओ उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जबकि गोविंद दास को राज्य का गृह मंत्री बनाया जाएगा।
कौन हैं युमनाम खेमचंद सिंह?
62 वर्षीय युमनाम खेमचंद सिंह मेतई समुदाय से आते हैं और सिंगजामेई विधानसभा सीट से विधायक हैं। पेशे से इंजीनियर रहे खेमचंद सिंह पहले बीरेन सिंह सरकार में नगर प्रशासन और आवास मंत्री रह चुके हैं। साल 2022 में भी वह मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल थे और उन्हें संघ के करीबी नेताओं में माना जाता है। मणिपुर में लंबे समय से राष्ट्रपति शासन लागू था, जिसे हटाने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। बीजेपी ने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। दिल्ली में हुई बैठक में सर्वसम्मति से खेमचंद सिंह को नेता चुना गया।
आज नई सरकार का शपथ ग्रहण
बीजेपी मुख्यालय में हुई बैठक के बाद पार्टी नेताओं ने खेमचंद सिंह को बधाई दी। उनके नेता चुने जाने के साथ ही नई सरकार के गठन की औपचारिकताएं शुरू हो गई हैं और आज शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने की संभावना है। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में गोविंद दास और टी. विश्वजीत सिंह भी आगे बताए जा रहे थे। गोविंद दास सात बार के विधायक हैं और उन्हें पूर्व सीएम बीरेन सिंह का समर्थन भी हासिल था। हालांकि अंत में पार्टी नेतृत्व ने खेमचंद सिंह के नाम पर मुहर लगाई। मणिपुर पिछले कुछ समय से जातीय हिंसा के कारण तनाव में रहा है। मई 2023 में मैतेई और कुकी समुदाय के बीच हुई हिंसा में 260 से ज्यादा लोगों की मौत हुई और हजारों लोग बेघर हो गए। इसी संकट के बीच फरवरी 2025 में बीरेन सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया।





