नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। 13 जनवरी से शुरू हुए 45 दिन के बाद आज महाकुंभ का औपचारिक समापन हो गया है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने उन सफाइकर्मियों को सम्मानित करने का ऐलान किया है जिन्होंने महाकुंभ की इस पूरी अवधि के दौरान साफ सफाई की व्यवस्था को बनाए रखा है। उन सफाईकर्मियों को 10 हजार रुपये का बोनस देने का ऐलान किया जो अप्रैल में उनके खाते में आ जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य कर्मचारियों को 5 लाख रुपये की स्वास्थ बीमा राशि भी दी जाएगी।
सफाई अभियान गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
महाकुंभ के दौरान उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया। सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक ने इसके लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से पुरस्कार प्राप्त किया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ मेला क्षेत्र में पहुंतकर अरैल घाट पर झाडू लगाकर सफाई अभियान में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ सफाईकर्मियों के साथ भोजन किया।
CM योगी ने प्रयागराजवासियों का धन्यवाद किया
अपने संबोधान में योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी कहीं और का वीडियो दिखाकर प्रयागराज को बदनाम कर रहे थे। लेकिन मैं प्रयागराजवासियों का धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने कुंभ के इस कार्यक्रम को अपने घर के आयोजन की तरह लिया। सरकार जानती है कि प्रयागराज की अपनी आबादी 20-25 लाख है इसलिए 5-8 करोड़ लोग एक साथ आए तो क्या स्थिति रही होगी इसका अंदाजा भी हमें है। उस विपरीत परिस्थिति में भी प्रयागराजवासियों ने भरपूर सहयोग दिया। उन्होंने विपक्ष को स्पष्ट कर दिया कि वे विपक्ष के बहकावे में नहीं आएंगे और सनातन का झंडा कभी नीचे नहीं झुकेगा।”




