नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। पूरे देश में इन दिनों पोस्टरों की जंग छिड़ी हुई है। यूपी में ‘आई लव योगी’ और ‘आई लव अखिलेश’ के पोस्टर लगाने के बाद अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस दफ्तर के बाहर बड़ा पोस्टर लगाया गया है। इस पोस्टर में ‘I Love India’ और ‘I Love Rahul Gandhi’ लिखा हुआ है।
”नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान”
भोपाल स्थित कांग्रेस दफ्तर के बाहर लगाए गए इस पोस्टर में बीच में ‘आई लव इंडिया’ और ‘आई लव राहुल गांधी’ लिखा है। इसके नीचे ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ लिखा गया है। पोस्टर के दाहिने हिस्से में राहुल गांधी की फोटो है। बाईं ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की फोटो। नीचे कांग्रेस प्रवक्ता प्रवीण धौलपुरे की फोटो और नाम। सबसे नीचे बड़े अक्षरों में लिखा गया है, नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान।
यूपी से एमपी तक बढ़ी पोस्टर की राजनीति
देशभर में पोस्टर की राजनीति अब अलग-अलग पार्टियों तक फैल गई है। यूपी में ‘I Love Yogi’ पोस्टर: बीजेपी समर्थकों ने योगी आदित्यनाथ के समर्थन में पोस्टर लगाए। सपा का ‘I Love Akhilesh’ पोस्टर: लखनऊ में समाजवादी पार्टी दफ्तर के बाहर बड़े पैमाने पर पोस्टर लगाए गए, जिनमें अखिलेश यादव की बड़ी तस्वीर और ‘I Love शिक्षा, विकास और रोजगार’ जैसे स्लोगन लिखे गए। कांग्रेस का ‘I Love Constitution’ पोस्टर: यूपी कांग्रेस कमेटी के सदस्य अब्दुल्लाह शेरखान ने पोस्टर लगवाए जिनमें राहुल गांधी संविधान की किताब हाथ में लिए दिख रहे हैं।
‘I Love Ram’ मुहिम भी चर्चा में
भोपाल में ही हिंदू उत्सव समिति ने दशहरा को ‘I Love Ram’ थीम पर मनाने की घोषणा की। रामदल और रावणदल नगर भ्रमण पर निकलेंगे। झांकी और रामलीला भी इसी थीम पर होगी। रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों के दहन में भी ‘I Love Ram’ का संदेश दिया जाएगा। ‘I Love’ पोस्टरों की यह लड़ाई अब सिर्फ धर्म तक सीमित नहीं रही, बल्कि सीधे राजनीति से जुड़ गई है। बीजेपी इसे धार्मिक आस्था की रक्षा बता रही है। समाजवादी पार्टी इसे सामाजिक सौहार्द और विकास का संदेश कह रही है। कांग्रेस इसे संविधान और मोहब्बत की राजनीति से जोड़ रही है।





