नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। देश में गणेश महोत्सव की शुरुआत हर साल भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से होती है। वहीं इस बार पूरे देश में गणेश महोत्सव की शुरुआत 7 सितंबर 2024 से हो रही है और 17 सितंबर 2024 को गणेश विसर्जन किया जाएगा। महाराष्ट्र में गणेश महोत्सव की अलग ही धूम रहती है। वहीं मुंबई में गणपति की हर मूर्ति अपने आप में खास होती है। गणपति महोत्सव को लेकर मुंबई का जीएसबी सेवा मंडल हमेशा से सुर्खियों में रहता है, खासतौर से उनके द्वारा यहां स्थापित की जाने वाली गणपति बप्पा की मूर्ति की हर साल पूरे देश में खूब चर्चा होती है।
लालबागचा राजा को पूरी दुनिया में प्रसिद्धि मिली हुई है
जानकारी के लिए बताना चाहेंगे कि लालबागचा राजा को पूरी दुनिया में प्रसिद्धि मिली हुई है, यही नहीं लालबागचा राजा को मुंबई का राजा भी कहा जाता है। लेकिन लालबागचा राजा गणपति के अलावा मुंबई में एक और गणपति महाराज हैं, जो हर गणपति महोत्सव में सुर्खियों का केंद्र बने रहते हैं। बता दें कि ये गणपति महाराज मुंबई के वडाला में किंग्स सर्किल के पास स्थित जीएसबी सेवा मंडल के हैं।
इस पंडाल में प्रवेश के लिए क्यूआर कोड का प्रयोग किया जाएगा
बता दें कि वर्ष 2023 में जीएसबी पंडाल में गणपति बप्पा की मूर्ति को 66 किलो सोने के आभूषणों और 295 किलो चांदी से सजाया गया था। वहीं एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस बार जीएसबी पंडाल में गणपति बप्पा की मूर्ति को 69 किलो सोने के आभूषणों और करीब 336 किलो चांदी के गहनों से सजाया जाएगा। वहीं इसको लेकर सबसे रोचक बात यह है कि इस बार जीएसबी में गणपति पंडाल का 400.8 करोड़ रुपए का बीमा करवाया गया है। गणपति पंडाल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे फायर प्रूफ बनाया जाएगा। साथ में इस पंडाल में प्रवेश के लिए क्यूआर कोड का प्रयोग किया जाएगा। जीएसबी में गणपति महाराज के दर्शन की शुरुआत 5 सितंबर 2024 से कर दी जाएगी।
जीएसबी पंडाल में 16000 लोगों के भोजन की व्यवस्था की जाएगी
जीएसबी पंडाल में गणपति बप्पा के दर्शन के लिए पहले वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। जिसके बाद जीएसबी पंडाल में प्रवेश के लिए एक क्यूआर कोड जारी किया जाएगा, जिसको स्कैन करने के बाद ही जीएसबी पंडाल में प्रवेश किया जा सकेगा। जीएसबी पंडाल में 16000 लोगों के भोजन की व्यवस्था की जाएगी। गणपति के दरबार में सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक दर्शन किए जा सकेंगे।




