नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव और नामों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने झंडेवालान स्थित संघ कार्यालय केशवकुंज में राष्ट्रीय स्वंयसेवक (RSS) प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद देश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। यह मुलाकात करीब दो साल बाद हुई है। ऐसे में इस मीटिंग को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
दोनों के बीच करीब 45 मिनट तक मुलाकात
सूत्रो के अनुसार, रविवार को दिल्ली के झंडेवालान में संघ कार्यालय केशवकुंज में शिवराज सिंह चौहान और RSS प्रमुख मोहन भागवत के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने प्रगति मैदान के भारत मंडपम में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहां उनके साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और डॉ चिन्मय पंड्या भी मंच पर मौजूद थे।
मुलाकात के बाद भोपाल के लिए निकले केंद्रीय मंत्री
कार्यक्रम समाप्त होते ही शिवराज सिंह चौहान सीधे संघ कार्यालय पहुंचे और मोहन भागवत से बंद कमरे में मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 45 मिनट बातचीत हुई, इस बैठक के बाद शिवराज सिंह चौहान सीधे दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भोपाल के लिए निकल गए।
पिछले एक साल से असमंजस में पार्टी
बीजेपी में राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक बदलाव की बयार देखी जा सकती है। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान की संघ प्रमुख मोहन भागवत के साथ मुलाकात को लेकर अटकलें तेज हो गए है। बीजेपी पिछले साल भर से अब तक अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं चुन पाई है। पार्टी में एक साल से असमंजस बना हुआ है।
वही, पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में देरी की एक बड़ी वजह संघ और पार्टी के टॉप मैनेजमेंट के बीच तालमेल की कमी मानी जा रही है। ऐसे में शिवराज सिंह चौहानकी मोहन भागवत से मुलाकात को अध्यक्ष पद की रेस से जोड़कर देखा जा रहा है।
उपराष्ट्रपति चुनाव के बाद फैसला संभव?
वैसे तो कहा ये भी जा रहा है कि 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति चुनाव हो जाने के बाद बीजेपी अध्यक्ष पद का चुनाव हो सकता है। वहीं, बीजोपी 28 सितंबर से पहले इस प्रोसेस को पूरा करने में लगी हुई शिवराज सिंह चौहान का नाम अब इस रेस में आगे है और राजनीतिक एक्सपर्ट की माने तो अगर सब कुछ ठीक रहा तो शिवराज सिंह चौहान पार्टी के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं।





