नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। MP गजब है..यह कथन तो आपने कई बार सुना होगा लेकिन मकर संक्रांति के मौके पर बिहार के लोग भी इसे बिहार के संदर्भ में देखते हैं। साल 2024 के बाद से ये सिलसिला चला आ रहा है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि बीते 2 साल से मकर संक्रांति के बाद बिहार सरकार बदल जाती है। कुछ नहीं बदलता तो वह है नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री होना। साल 2024 में जब मकर संक्रांति का मौका आया तो वह आरजेडी के साथ सरकार में थे जबकि साल 2025 आते आते तस्वीर बदल गई और अब वह NDA के साथ सरकार चला रहे हैं।
तो साल 2026 में पलट जाएगी बिहार सरकार की तस्वीर?
बिहार के सियासी गलियारों में नीतीश कुमार के पलटने की कवायद चल पड़ी है। मकर संक्रांति के मौके पर साल 2024 में नीतीश कुमार ने पाला बदल लिया था और अपने घोर राजनीतिक विरोधी RJD के साथ सरकार चला रहे थे। मकर संक्रांति के मौके पर दही चूड़ा खाने लालू यादव के आवास पर पहुंचे थे। हालांकि अगला साल आते आते तक बहुत कुछ बदल गया था। साल 2025 में नीतीश कुमार एक बार फिर पलटे और अपने पुराने साथी NDA के साथ सरकार बना ली। लिहाजा बिहार सीएम चिराग पासवास के आवास पर पहुंचे लेकिन चिराग वहां नहीं मिले। अब राजनीति की समझ रखने वाले दावा कर रहे हैं कि अगर यही क्रम चलता रहा तो साल 2026 की मकर संक्रांति पर भी बिहार को बदली हुई सरकार नजर आ सकती है। हालांकि गौरतलब है कि अगले साल 2026 में बिहार में विधानसभा चुनाव होना है जिस दौरान भी समीकरण बदल सकते हैं।
मीसा भारती ने नीतीश कुमार-लालू यादव को भाई भाई बताया
इस विमर्श की शुरूआत मीसा भारती के बयान के बाद हुई। पत्रकारों ने पूछा था कि क्या मकर संक्रांति के मौके पर सीएम नीतीश कुमार लालू आवास पर आएंगे? मीसा भारती ने जवाब देते हुए कहा कि नीतीश कुमार और लालू जी भाई की तरह हैं। नीतीश जी जब भी चाहें तब आ सकते हैं।





