नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन 30 अगस्त 2024 को बीजेपी में शामिल हो जाएंगे। वहीं एक समय ऐसा था, जब चंपई सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की कमान संभाल रहे थे। लेकिन हेमंत सोरेन के जेल से बाहर आने के बाद चंपई सोरेन को झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। जिसके बाद से चंपई सोरेन अपनी पार्टी के आलाकमान से नाराज चल रहे थे। आखिरकार इसको लेकर चंपई सोरेन की नाराजगी इतनी बढ़ गयी कि उन्होंने बोजेपी में शामिल होने का फैसला लिया है।
इसी को लेकर बीजेपी और चंपई सोरेन दोनों को अपना फायदा दिख रहा है
बता दें कि बीजेपी को भी पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को अपनी पार्टी में शामिल कराने में फायदा ही दिख रहा है। किसी पार्टी के नंबर 2 के नेता को अपनी पार्टी में शामिल करना बीजेपी के लिए कोई नई बात नहीं है। बीजेपी के पास इस तरह के नेताओं की एक लंबी सूची है, जिसको देखकर ही बीजेपी पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को अपनी पार्टी में शामिल कराने के लिए तैयार है। इन सूची में ज्योतिरादित्य सिंधिया, हिमंता बिस्वा, एकनाथ शिंदे, शुभेंदू अधिकारी, माणिक साहा जैसे कई नेताओं का नाम शामिल है।
इन सभी नेताओं का पिछली पार्टी में नंबर 2 का स्थान था। इन नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करके बीजेपी को बड़ा फायदा हुआ, साथ में इन नेताओं की भी किस्मत बदल गई। बीजेपी ने इन नेताओं को पार्टी में अहम जिम्मेदारी दी है। इन सभी नेताओं की अपने अपने क्षेत्र में काफी अच्छी पकड़ थी, जिसको बीजेपी ने चुनावों में खूब भुनाया था। इसी को लेकर बीजेपी और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन दोनों को अपना फायदा दिख रहा है।
इसका बड़ा फायदा BJP को मिलता दिख रहा है
आइए जानते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बीजेपी में शामिल हो जाने से दोनों को क्या फायदा होगा? दरअसल झारखंड की राजनीति में आदिवासी वोट के बगैर सत्ता तक पहुंचना मुश्किल है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की झारखंड के कोल्हन क्षेत्र में काफी अच्छी पकड़ है। बता दें कि कोल्हन क्षेत्र कोई छोटा क्षेत्र नहीं है, बल्कि झारखंड विधानसभा की 14 सीटें इस क्षेत्र से आती हैं। यही वजह है कि पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन JMM में नंबर 2 की हैसियत रखते थे।
बता दें कि JMM को झारखंड में चंपई सोरेन की वजह से सत्ता में आने का बड़ा मौका मिलता रहा है। अब अगर पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन 30 अगस्त 2024 को BJP में शामिल हो जाते हैं तो इसका बड़ा फायदा BJP को मिलता दिख रहा है। वहीं चंपई सोरेन को भी भविष्य में बीजेपी में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की पूरी उम्मीद दिखाई दे रही है।





