नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार बोर्ड इंटर के नतीजे जारी कर दिए गए हैं, अब मैट्रिक का रिजल्ट जारी करने की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में हाल ही में जारी अपडेट के अनुसार मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2025 का परिणाम 31 मार्च तक जारी किया जा सकता है।
बिहार बोर्ड 10वीं रिजल्ट
बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने मंगलवार को इंटर के नतीजे जारी करने के बाद कहा कि जल्द ही मैट्रिक का रिजल्ट भी जारी कर दिया जाएगा। लेकिन नतीजे किस दिन घोषित किए जाएंगे यह निश्चित नहीं है। चूंकि 31 मार्च को ईद की छुट्टी है, 30 मार्च को रविवार जबकि 29 मार्च को छात्र संघ चुनाव हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि बिहार बोर्ड 10वीं रिजल्ट 28 मार्च तक घोषित हो सकता है।
परीक्षा में शामिल रहे 15.68 लाख स्टूडेंट्स
बता दें कि इस वर्ष बीएसईबी 10वीं परीक्षा 17 से 25 फरवरी के बीच आयोजित हुई थी, जिसमें 15.68 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। परीक्षा परिणाम घोषित होने पर विद्यार्थी इसेresults.biharboardonline.com, biharboardonline.com या biharboardonline.bihar.gov.in पर चेक कर सकेंगे। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र वेबसाइट के अलावा DigiLocker एप या पोर्टल पर लॉग इन करके भी रिजल्ट चेक कर पाएंगे। उपरोक्त वेबसाइट के अलावा बिहार बोर्ड मैट्रिक रिजल्ट livehindustan.com/career/results/bihar-board-10th-result पर भी चेक कर सकेंगे।
टॉपर्स को मिलेगी नकद राशि
बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में टॉप 10 में शामिल होने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके तहत पहला स्थान पाने वाले छात्र को 1 लाख की जगह अब 2 लाख, दूसरा स्थान पाने वाले छात्र को 75 हजार से बढ़ाकर 1.5 लाख, तीसरा स्थान पाने वाले छात्र को 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख और चौथा से दसवां स्थान पाने वाले छात्रों को 10,000 से बढ़ाकर 20,000 रुपए नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा।




