नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर भारत के तमाम राज्यों में बीते दिन बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया है। तूफान बिपरजॉय का असर दिल्ली में भी देखने को मिला है। राजधानी में आज भी बादल छाए हैं और मौसम विभाग ने कई इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले दो दिनों तक बारिश का अनुमान है।
तापमान में दिखेगी गिरावट
19 जून तक राजधानी में गरज के साथ बादल बरसेंगे, जिससे तापमान में बड़ी गिरावट आएगी। आईएमडी की माने तो अगले दिनों में दिल्ली का पारा 4 डिग्री तक गिरकर 34 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। उत्तर पश्चिम भारत में अगले हफ्ते बारिश का अनुमान जताया गया है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भी अगले हफ्ते के अंत में तेज बारिश की संभावना है। IMD ने राजधानी दिल्ली, यूपी और हरियाणा में अगले दो दिनों के अंदर बारिश होने की बात कही है। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 18 और 19 जून को बारिश होने की वजह से लोगों को राहत मिलेगी और मौसम भी काफी सुहावना हो जायेगा।
उमस से हैं लोग बेहाल
तूफान बिपरजॉय के राजस्थान पहुंचने के चलते वहां के कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। आज और कल दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में तेज बारिश होगी। दिल्ली में आज शनिवार को तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया है। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को दोपहर बाद आसमान में बादल छाने, हवाएं चलने और हल्की बारिश होने से लोगों भीषण गर्मी से थोड़ी राहत तो जरूर मिली है, लेकिन बारिश के बाद उमस की वजह से लोगों का जीना बेहाल हो गया।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें– www.raftaar.in





