नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक ताजा बयान ने प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि वह तीसरी बार चुनाव लड़ने की कोशिश नहीं करेंगे। उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का विषय बन गया है।
क्या बोले सीएम योगी?
बुधवार को एक इंटरव्यू में जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यह पूछा गया कि क्या वह तीसरी बार गोरखपुर से चुनाव लड़ेंगे? तो उन्होंने साफ कहा, “मैं कोशिश नहीं करूंगा। हमारी पार्टी कोशिश करेगी। भाजपा का कोई भी सदस्य मुख्यमंत्री बन सकता है। योगी के इस बयान के बाद अब इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं कि क्या उत्तर प्रदेश में भाजपा नया मुख्यमंत्री बना सकती है? जब सीएम योगी से पूछा गया कि उनकी सरकार की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि क्या रही, तो उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। उन्होंने कहा, “आप किसी भी क्षेत्र को देख लीजिए-कृषि, युवाओं से जुड़े मुद्दे, इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश, कानून व्यवस्था, पर्यटन या विरासत और विकास का समन्वय, उत्तर प्रदेश इन सभी में आगे बढ़ा है।
महाकुंभ पर विपक्ष को जवाब
महाकुंभ को ‘मृत्युकुंभ’ कहे जाने पर विपक्ष को जवाब देते हुए सीएम योगी ने कहा कि “यह मृत्युंजय महाकुंभ था, न कि मृत्युकुंभ। पश्चिम बंगाल से हर दिन करीब 50 हजार से 1 लाख श्रद्धालु इस पवित्र आयोजन में शामिल होने आ रहे थे। विपक्ष के ऐसे बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि किसी भी सरकार के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि जनता की संतुष्टि होती है। उन्होंने कहा, “पिछले आठ साल में पीएम मोदी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए हमने जो योजनाएं बनाईं, जनता ने उन्हें स्वीकार किया और समर्थन दिया। यही सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। सीएम योगी के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा अगला विधानसभा चुनाव किस रणनीति के तहत लड़ेगी।





