नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पीएम नरेंद्र मोदी को अमेरिका का औपचारिक निमंत्रण मिला है। यह यात्रा फरवरी में हो सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इसकी पुष्टि की है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ फोन पर बातचीत के बाद यह जानकारी दी।
डोनाल्ड ट्रंप ने दी जानकारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा से वाशिंगटन लौटते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से कहा, “आज सुबह मेरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लंबी बातचीत हुई। अगले महीने वह व्हाइट हाउस आ रहे हैं। शायद फरवरी में। भारत और अमेरिका के संबंध बहुत अच्छे हैं।” डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ इमिग्रेशन जैसे गंभीर मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भारत-अमेरिका के बीच रिश्ते और मजबूत होंगे।
अवैध प्रवासियों पर चर्चा
ट्रंप ने अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर कहा कि भारत अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे करीब 18,000 भारतीयों को वापस लेने के लिए तैयार है। इस पर उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री मोदी सही फैसला लेंगे। पिछले हफ्ते, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो के बीच इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। भारत ने अमेरिका के साथ इन चिंताओं को दूर करने का भरोसा दिया है।
कुशल श्रमिकों के लिए लीगल माइग्रेशन
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह कुशल श्रमिकों के लीगल माइग्रेशन के पक्षधर हैं। भारत आईटी पेशेवरों के लिए जाना जाता है, और अमेरिकी टेक्नोलॉजी क्षेत्र में भारतीयों का बड़ा योगदान है। इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच सकारात्मक चर्चा होने की उम्मीद है।
PM मोदी और ट्रंप की दोस्ती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मजबूत फ्रेंडली रिलेशन हैं। ट्रंप के पहले राष्ट्रपति कार्यकाल में उनकी आखिरी विदेश यात्रा भारत की थी। दोनों नेताओं ने 2019 में ह्यूस्टन और 2020 में अहमदाबाद में बड़ी रैलियों को संबोधित किया था। ट्रंप की हालिया चुनावी जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें सबसे पहले बधाई देने वाले विश्व नेताओं में से एक थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा दोनों देशों के लिए अहम होगी। इससे भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे। अब सभी की निगाहें फरवरी में होने वाली इस संभावित यात्रा पर टिकी हैं।
https://raftaar.in/news/entertainment/coldplays-frontman-chris-martin-reached-prayagraj-maha-kumbh-with-dakota-johnson-the-singer-was-seen-with-security





