नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पिछले कई दिनों से विवादों में घिरी ट्रेनी IAS पूजा खेडकर मामले को लेकर UPSC ने बड़ा कदम उठाया है। यूपीएससी ने नोटिस जारी कर ट्रेनी IAS की उम्मीदवारी को रद्द करने का फैसला किया है। इस प्रशिक्षु IAS पूजा खेडकर पर फर्जी तरीके से सिविल सेवा परीक्षा में बैठने और नाम व पहचान छिपाने के साथ जाली दस्तावेजों के आधार पर IAS बनने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। UPSC ने पूजा खेडकर के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया है।
सिविल सेवा परीक्षा 2022 में उम्मीदवारी होगी रद्द
UPSC ने पूजा खेडकर की सिविल सेवा परीक्षा 2022 में उनकी उम्मीदवारी को रद्द करने का फैसला किया है। इसके साथ ही भविष्य की परीक्षाओं में शामिल होने से पूजा खेडकर को रोकने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नाम, तस्वीर, हस्ताक्षर, ईमेल आईडी सब मिले फर्जी
UPSC ने इस मामले में आधिकारिक बयान जारी किया है। जिसमें उसने कहा है कि UPSC ने सिविल सेवा परीक्षा-2022 के लिए चयनित उम्मीदवार पूजा मनोरमा दिलीप खेडकर को लेकर गहन जांच की है।ष जिसमें पता चला है कि खेडकर ने अपने नाम, अपने माता-पिता का नाम समेत कई चीजों को भी बदला है। इसके अलावा UPSC ने बताया कि जांच से पता चला है कि पूजा खेडकर ने धोखाधड़ी करके नियम विरुद्ध तय सीमा से अधिक प्रयासों का लाभ उठाया है। जांच में ये भी सामने आया है कि खेडकर ने अपना नाम, अपनी माता व पिता का नाम, तस्वीर, हस्ताक्षर, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर और पता बदलकर अपनी असली पहचान छिपाने की कोशिश की है।
गुरुवार को मनोरमा खेडकर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बता दें कि, गुरुवार को जमीन विवाद मामले में प्रशिक्षु आईएएस पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मनोरमा खेडकर पर जमीन विवाद में बंदूक दिखाकर धमकाने का आरोप लगा है। पुलिस ने उनके खिलाफ IPC की धारा 307 में भी मामला दर्ज किया है। वहीं मनोरमा खेडकर को पौड की अदालत ने 20 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। बता दें कि भूमि विवाद में बंदूक दिखाकर धमकाने के मामले में मनोरमा और उनके पति दिलीप खेडकर पर केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। मनोरमा एक लॉज में नाम बदलकर छुपी थी।
अपने दिव्यांगता और OBC प्रमाणपत्र को लेकर भी सवालों के घेरे में है IAS
प्रशिक्षु आईएएस पूजा खेडकर अपने दिव्यांगता और OBC प्रमाणपत्र को लेकर भी सवालों के घेरे में हैं। इसके अलावा प्रशिक्षु IAS पर पुणे कलेक्टर कार्यालय में तैनाती के समय आचरण को लेकर भी जांच की जा रही है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





